बलिया : जमीन के विवाद में दो पक्षों में चली गोली, तीन घायल
बलिया, 12 जून (हि. स.)। उभांव थाना क्षेत्र के फरसाटार गांव में शुक्रवार को जमीन के विवाद में गोली चली और पत्थरबाजी हुई। जिसमें घायल तीन लोगों का उपचार सीएचसी में चल रहा है। जबकि गोली से घायल युवक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उभांव एसओ योगेंद्र बहादुर ने बताया कि जमीन के विवाद में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में पत्थरबाजी भी हुई और गोली भी चल गई। इसमे वाराणसी के महमूरगंज निवासी धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय (28) को गोली लगी है। वहीं दूसरे पक्ष से मो. जान (37) व इरफान (30) भी लहू लुहान हालत में भर्ती कराए गए। चिकित्सकों ने धर्मेन्द्र पाण्डेय को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। एक पक्ष का आरोप है कि भूमि विवादित है जो मुकदमा में विचाराधीन है। फिर भी एक पक्ष द्वारा विवादित भूमि पर विश्वास में लेकर पहले नया गेट लगा लिया गया और गेट लगाने में सफल हो जाने के बाद दूसरे पक्ष के निर्माण को रोक दिया गया जो विवाद का कारण बना। बाद में यह विवाद विकराल रुप ले लिया। यह प्रकरण उभांव थाने पर सुनवाई के लिए विचाराधीन भी था। वहीं दूसरे पक्ष का आरोप है कि घटना में दूसरे पक्ष के लोगों ने पत्थर बाजी की। आरोप यह भी है कि निर्धारित भूमि से अधिक भूमि लूटने की योजना करके घटना को अंजाम दिया गया है। उधर, गोली और मारपीट की घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी संजय कुमार, सीओ रसड़ा केपी सिंह व इंस्पेक्टर नगरा यादवेन्द्र पाण्डेय दल बल के साथ पहुंच गये। घटना के बाद गांव में तनाव व्याप्त है। एडिशनल एसपी संजय कुमार ने घटना के सम्बंध में जानकारी ली। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल को तैनात कर दिया है। हिन्दुस्थान समाचार/पंकज/दीपक/दीपक-hindusthansamachar.in