नई दिल्ली, एजेंसी। केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को कहा कि राहुल गांधी की टिप्पणी से कांग्रेस को नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता भी इस बात से चिंतित हैं कि राहुल के बयानों के कारण पार्टी डूब रही है।रिजिजू की टिप्पणी गुजरात की एक अदालत द्वारा वायनाड से लोकसभा सदस्य राहुल गांधी को उनकी ‘मोदी सरनेम’ टिप्पणियों के लिए दोषी ठहराए जाने और दो साल की जेल की सजा दिए जाने के बाद आई है।
राहुल गांधी जो कुछ भी कहते हैं, उससे नुकसान होता है
कांग्रेस नेता की सजा पर टिप्पणी करने के लिए पूछे जाने पर रिजिजू ने संवाददाताओं से कहा, “राहुल गांधी जो कुछ भी कहते हैं, उससे नुकसान होता है। यह न केवल पार्टी को बल्कि दूसरों को भी नुकसान पहुंचाता है। यह देश के लिए अच्छा नहीं है।”भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि कांग्रेस के कुछ सांसदों ने उन्हें बताया था कि राहुल गांधी के रवैये से पार्टी डूब रही है। रिजिजू ने कहा, “कांग्रेस के कुछ नेताओं ने मुझे बताया है कि राहुल गांधी की कार्यशैली ने चीजों को गड़बड़ कर दिया है। इससे उनकी पार्टी को नुकसान हो रहा है। उनकी पार्टी डूब रही है।”
पूर्व मंत्री पूर्णेश मोदी ने शिकायत दर्ज करवाई थी
उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव 2019 के दौरान राहुल गांधी ने ‘मोदी सरनेम’ खिलाफ टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि “कैसे सभी चोरों का सरनेम मोदी है?” इस टिप्पणी के बाद भाजपा विधायक और गुजरात के पूर्व मंत्री पूर्णेश मोदी ने शिकायत दर्ज करवाई थी। आज इस मामले में सूरत की कोर्ट ने उन्हें दो साल की सजा सुनाई है।मामले में सूरत से सांसद दर्शना जरदोश का कहना है कि उन्हें न्याय प्रक्रिया में पूरा विश्वास है और आज कोर्ट ने राहुल गांधी के मामले में न्याय किया है। उन्होंने विपक्ष की इस बात को लेकर भी आलोचना की कि जब राहुल गांधी सदन में उपस्थित नहीं थे तो उनका बयान कराने की मांग क्यों की गई।




