कोरोना काल में कांग्रेस का प्रदर्शन आपराधिक कृत्य: बंशीधर भगत

कोरोना काल में कांग्रेस का प्रदर्शन आपराधिक कृत्य: बंशीधर भगत
कोरोना काल में कांग्रेस का प्रदर्शन आपराधिक कृत्य: बंशीधर भगत

देहरादून, 25 जून (हि.स.)। आपातकाल लगाना देश के लिए काला अध्याय था। भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। विपक्षी कांग्रेस आज भी कोरोना काल में प्रदर्शन जैसे कार्यक्रम आयोजित कर आपराधिक कृत्य कर रहे हैं। जनता एक बार फिर उसे इन काले कारनामों की सजा देगी। यह मानना है प्रदेश अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी बंशीधर भगत का। भगत ने गुरुवार को विशेष बयान में कहा है कि आपातकाल के काले अध्याय के लिए कांग्रेस दोषी है। उन्होंने कहा कि पूरा देश 45 वर्ष पूर्व तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा अपनी कुर्सी बचाए रखने के लिए लगाये गए आपात काल के विरोध में काला दिवस मना रहा है। भाजपा ने इस दिवस पर देश में लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प लिया है। भगत ने कांग्रेस द्वारा प्रदर्शन करने को अपने कुकर्मों से लोगों का ध्यान हटाने की कोशिश बताया और कहा कि कोरोना काल में सामाजिक दूरी को तार तार कर व कानून का उल्लंघन कर कांग्रेस ने अपराधिक कार्य किया है । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा कि आज से 45 वर्ष पूर्व उस समय प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपनी कुर्सी बचाने के लिए न्यायालय के निर्णय को न मानकर न केवल न्यायालय की अवमानना की बल्कि देश में आपात काल लगा कर लोकतंत्र का गला घोंट दिया। देश के सभी विपक्षी दलों के नेताओं सहित हजारों लोग जेल में डाल दिए गए। प्रेस की आजादी छीन ली गई और सेन्सरशिप थोप दी गई। उन्होंने कहा कि इसके विरोध में देश में बड़ा आंदोलन चला जिसमें कांग्रेस सरकार ने हजारों लोगों को गिरफ्तार किया और उन्हें जेलों में कठोर यातनाएँ दी गई। आपात काल के विरोध में देश में सत्याग्रह चला और लाखों लोगों ने गिरफ्तारियाँ दीं । इस संघर्ष में बड़ी संख्या में लोगों के प्राण भी गए । भगत ने कहा कि आज का दिन भारतीय इतिहास का काला दिन है जो कभी भूला नहीं जा सकता। भाजपा आपातकाल के खिलाफ लोकतंत्र की लड़ाई के सभी सेनानियों के याद कर रही है और जो सेनानी हमारे बीच नहीं रहे उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करती है। भाजपा देश में लोकतंत्र की रक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है। भाजपा ने लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प पुनः दोहराया है। भगत ने कहा कि कांग्रेस ने जिस प्रकार से कोरोना काल में अनावश्यक रूप से प्रदर्शन किया वह सामाजिक दूरी सहित कोरोना महामारी से जुड़े कानून व गाइड लाइन का घोर उल्लंघन है, जिसकी भाजपा भर्त्सना करती है। कांग्रेस कोरोना के विरुद्ध केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार के प्रयासों को बाधित करने व जनता को नुकसान पहुँचाने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने आंदोलन के लिए आज का दिन जो चुना वह भी सोची समझी साजिश है। आज लोग कांग्रेस द्वारा लगाए गए आपातकाल के खिलाफ काला दिवस मना रहे हैं और कांग्रेस ने उससे लोगों का ध्यान हटाने के लिए यह हरकत की है। हिन्दुस्थान समाचार/ साकेती-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in