UP: CM योगी ने महिला शक्ति के चौथे चरण का किया आगाज, 15 से 23 अक्टूबर तक 18 जिलों में होंगे विशेष कार्यक्रम

Lucknow: CM योगी आदित्यनाथ ने आज मिशन शक्ति के चौथे चरण का आगाज किया। इसके तहत 15 से 23 अक्टूबर तक प्रत्येक कमिश्नरेट एवं 18 जिलों में महिला सशक्तीकरण-रैलियों के साथ जनजागरुकता के कार्यक्रम होंगे।
UP CM Yogi
UP CM Yogi Social Media

लखनऊ, हि.स.। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज मिशन शक्ति के चौथे चरण का आगाज किया। इसके तहत 15 से 23 अक्टूबर तक 18 जिलों में विशेष कार्यक्रम होंगे। प्रत्येक कमिश्नरेट एवं जिलों में महिला सशक्तीकरण-रैलियों के साथ जनजागरुकता के कार्यक्रम होंगे।

गोरखपुर जोन एवं गाजियाबाद कमिश्नरेट में मिशन शक्ति दौड़ होगी तो अयोध्या-मुरादाबाद में विभिन्न कार्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट-सराहनीय कार्य करने वाली नारी शक्ति का सम्मान होगा। जनपदीय अभियान में जनप्रतिनिधियों की भी सहभागिता रहेगी।

15 से 23 अक्टूबर तक जनपदों व कमिश्नरेट स्तर पर होंगे कार्यक्रम

15 से 23 अक्टूबर तक जनपदों व कमिश्नरेट स्तर पर वृहद स्तर पर कार्यक्रम होंगे। 15 को गोरखपुर जोन व गाजियाबाद कमिश्नरेट में मिशन शक्ति दौड़ आयोजित होगी। 16 को वाराणसी कमिश्नरेट के वाराणसी जनपद एवं आगरा जोन के मथुरा में स्कूलों-कॉलेजों, वर्किंग वूमेन हॉस्टल में मिशन शक्ति के तहत जागरुकता के कार्यक्रम होंगे।

17 को मेरठ एवं वाराणसी जोन के मीरजापुर में लैंगिक समानता, हिंसा की रोकथाम एवं पीड़िता को सामाजिक प्रतिष्ठा दिलाने के संबंध में कार्यक्रम का आयोजन प्रस्तावित है। 18 अक्टूबर को प्रयागराज एवं गौतमबुद्ध नगर की मलिन बस्तियों में महिलाओं व बच्चों में मिशन शक्ति के संबंध में जनजागरुकता चलाई जाएगी। 19 को कानपुर नगर एवं बरेली में महिलाओं को आत्मरक्षा और साइबर अपराध के बारे में जागरूक किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य के लिए कई महिलाओं को सम्मानित किया

20 अक्टूबर को आगरा मुख्यालय एवं प्रयागराज जोन के चित्रकूट में बालश्रम उन्मूलन, बाल विवाह आदि की रोकथाम के संबंध में जनजागरुकता चलाई जाएगी। मिशन शक्ति के तहत शनिवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य के लिए कई महिलाओं को सम्मानित किया। इसी के तहत लखनऊ जोन के अयोध्या एवं बरेली जोन के मुरादाबाद में भी 21 अक्टूबर को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट व सराहनीय कार्य करने वाली नारी शक्ति का सम्मान होगा।

इनमें वन स्टॉप सेंटर, स्वयं सहायता समूह, स्वरोजगार में कार्यरत महिलाएं भी शामिल होंगी। 22 को कानपुर जोन के झांसी व मेरठ जोन के सहारनपुर के स्कूल-कॉलेजों, वर्किंग वूमेन हॉस्टल में मिशन शक्ति के संबंध में जागरुकता कार्यक्रम चलेगा। वहीं नवरात्र की नवमी (23 अक्टूबर) को लखनऊ और गोरखपुर जोन के देवीपाटन-बलरामपुर जिले में लैंगिक समानता, हिंसा की रोकथाम व पीड़िता को सामाजिक प्रतिष्ठा दिलाने के संबंध में कार्यक्रम होगा।

सहारनपुर, मीरजापुर, देवीपाटन शक्तिपीठ वाले जिलों में आयोजनों पर जोर

योगी सरकार का नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन पर विशेष जोर है। शारदीय नवरात्र के पूर्व जहां मिशन शक्ति के चतुर्थ चरण का शुभारंभ किया गया, वहीं नवरात्र में ही कार्यक्रम होंगे। पुलिस कमिश्नरेट व जोन के तहत होने वाले आयोजनों में सहारनपुर, मीरजापुर एवं देवीपाटन शक्तिपीठ वाले जिलों में महिलाओं से जुड़े कार्यक्रम रखे गए हैं। सहारनपुर मेरठ जोन में है और यहां मां शाकुंभरी शक्तिपीठ है। वाराणसी जोन के मीरजापुर में भी कार्यक्रम रखा गया है। यहां पर मां विंध्यवासिनी का शक्तिपीठ है। गोरखपुर जोन के देवीपाटन में मां पाटेश्वरी शक्तिपीठ है। यहां आखिरी दिन पीड़िताओं को सामाजिक प्रतिष्ठा दिलाने के संबंध में कार्यक्रम है।

अन्य खबरों के लिए क्लिक करें :- www.raftaar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in