नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। जिन लोगों ने 1 अक्टूबर 2024 से पहले आधार एनरोलमेंट आईडी के जरिए PAN कार्ड बनवाया था, उनके लिए PAN को आधार से लिंक कराना अनिवार्य है। PAN-आधार लिंक करने की आखिरी तारीख 31 दिसंबर 2025 तय की गई है। तय समय तक लिंक न कराने पर PAN कार्ड डिएक्टिवेट हो सकता है। अगर PAN निष्क्रिय हो जाता है, तो इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) फाइल करने, रिफंड पाने और अन्य वित्तीय लेन-देन में परेशानी आ सकती है। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि आपका PAN आधार से जुड़ा है या नहीं।
अच्छी बात यह है कि PAN-आधार लिंक का स्टेटस आप घर बैठे मुफ्त में चेक कर सकते हैं। इसके लिए न तो कहीं जाने की जरूरत है और न ही कोई शुल्क देना होगा। आयकर विभाग के ई-फाइलिंग पोर्टल के जरिए यह स्टेटस लॉग-इन किए बिना या लॉग-इन करके, दोनों तरीकों से देखा जा सकता है। खासतौर पर उन यूजर्स के लिए प्रक्रिया आसान रखी गई है, जो पोर्टल पर रजिस्टर नहीं हैं।
PAN-Aadhaar लिंक स्टेटस ऐसे करें चेक
अगर आप यह जानना चाहते हैं कि आपका PAN आधार से जुड़ा है या नहीं, तो इसके लिए लॉग-इन करने की जरूरत नहीं है। आयकर विभाग के ई-फाइलिंग पोर्टल पर यह प्रक्रिया बेहद आसान रखी गई है।
स्टेटस चेक करने का तरीका :-
सबसे पहले आधिकारिक ई-फाइलिंग वेबसाइट incometax.gov.in पर जाएं।
होमपेज पर बाईं ओर मौजूद ‘Quick Links’ सेक्शन में ‘Link Aadhaar Status’ विकल्प पर क्लिक करें।
इसके बाद खुले पेज पर अपना 10 अंकों का PAN नंबर और 12 अंकों का आधार नंबर दर्ज करें।
जानकारी भरने के बाद ‘View Link Aadhaar Status’ बटन पर क्लिक करें।
स्क्रीन पर मिलेगा स्टेटस मैसेज
सफल वैरिफिकेशन के बाद स्क्रीन पर मैसेज दिखाई देगा। अगर आपका आधार पहले से PAN से लिंक है, तो लिखा आएगा कि आपका PAN संबंधित आधार से लिंक है। यदि लिंकिंग का अनुरोध हाल ही में किया गया है और प्रक्रिया में है, तो UIDAI वैलिडेशन से जुड़ा मैसेज दिखाई देगा। वहीं, अगर लिंकिंग नहीं मिली, तो आपको दोबारा ‘Link Aadhaar’ विकल्प के जरिए आवेदन करना होगा। इस तरह आप कुछ ही मिनटों में घर बैठे PAN-Aadhaar लिंक का स्टेटस आसानी से जान सकते हैं।
लॉग-इन करके भी जान सकते हैं स्टेटस
जो यूजर आयकर विभाग के ई-फाइलिंग पोर्टल पर रजिस्टर्ड हैं, वे लॉग-इन करके भी अपने PAN-Aadhaar लिंक की स्थिति देख सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले ई-फाइलिंग पोर्टल पर साइन-इन करें। लॉग-इन के बाद होमपेज पर मौजूद Dashboard में ही आपको ‘Link Aadhaar Status’ का विकल्प दिखाई देगा, जहां से आप सीधे स्टेटस चेक कर सकते हैं। इसके अलावा, आप ‘My Profile’ सेक्शन में जाकर भी लिंकिंग की स्थिति देख सकते हैं। यदि PAN आधार से जुड़ा होगा, तो वहां आधार नंबर के कुछ अंक दिखाई देंगे। वहीं अगर अभी तक लिंक नहीं किया गया है, तो उसी जगह आधार लिंक करने का विकल्प भी उपलब्ध होगा।





