नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। डिजिटल इंडिया की तेज रफ्तार के बीच ऑनलाइन फ्रॉड का जाल भी उतनी ही तेजी से फैलता जा रहा है। आपकी एक छोटी सी चूक आपकी पूरी वित्तीय पहचान को खतरे में डाल सकती है। साइबर ठग अब किसी की ईमेल या मोबाइल नंबर ही नहीं बल्कि सीधे PAN कार्ड को निशाना बना रहे हैं और उसके बाद आपका PAN नंबर साइबर अपराधियों के लिए सोने की खान बन जाता है।
वित्तीय प्रक्रिया की चाबी PAN ही है
क्योंकि बैंक अकाउंट खोलने से लेकर लोन मिलने तक हर वित्तीय प्रक्रिया की चाबी PAN ही है। ऐसे में अगर कोई आपकी PAN डिटेल तक पहुंच गया तो वह मिनटों में आपके नाम पर नकली लोन चढ़ा सकता है और आपको पता तक नहीं चलेगा। जब वसूली का मैसेज आएगा तब जाकर मालूम होगा कि आपका क्रेडिट स्कोर गिर चुका है और आपकी वित्तीय साख दांव पर लग चुकी है।
क्यों PAN कार्ड बन रहा है फ्रॉड का आसान हथियार
PAN कार्ड सिर्फ टैक्स भरने का दस्तावेज नहीं बल्कि आपकी पूरी वित्तीय पहचान का आधार है। बैंक अकाउंट क्रेडिट कार्ड लोन KYC बड़े लेनदेन इन सभी के लिए PAN अनिवार्य है। ऐसे में यदि यह किसी गलत व्यक्ति के हाथ लग जाए तो वह आसानी से आपके नाम पर फर्जी लोन लेकर आपके क्रेडिट स्कोर और वित्तीय साख को बर्बाद कर सकता है।
कैसे पता करें कि आपके PAN पर कोई फर्जी लोन तो नहीं चल रहा
सबसे सरल तरीका है क्रेडिट रिपोर्ट चेक करना।
आप किसी भी क्रेडिट ब्यूरो की वेबसाइट CIBIL Experian CRIF High Mark या Equifax पर जाकर अपना PAN नंबर डालें और रिपोर्ट डाउनलोड करें।
रिपोर्ट में ध्यान दें –
कोई ऐसा लोन तो नहीं दिख रहा जो आपने लिया ही नहीं
किसी नए बैंक या NBFC की इनक्वायरी तो नहीं है
कहीं EMI डिफॉल्ट बकाया या ओवरड्यू रिकॉर्ड तो नहीं
यदि इनमें से कोई भी पॉइंट संदिग्ध लगे तो इसका मतलब है कि आपके PAN का दुरुपयोग हुआ है।
फ्रॉड पकड़े जाने पर तुरंत उठाएं ये कदम
जिस बैंक या NBFC से फर्जी लोन दिख रहा है उनसे तुरंत संपर्क करें
नजदीकी थाने में FIR दर्ज कराएं ताकि कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ सके
इनकम टैक्स विभाग और संबंधित क्रेडिट ब्यूरो को शिकायत भेजकर जानकारी अपडेट कराएं
क्रेडिट रिपोर्ट में गलत एंट्री हटाने के लिए डिस्प्यूट फॉर्म भरें
इस तरह PAN कार्ड को सुरक्षित रखें
PAN कार्ड की कॉपी देते समय हमेशा लिखें Self Attested – Only for XYZ Purpose
किसी भी संदिग्ध या अनजान वेबसाइट पर PAN नंबर दर्ज करने से बचें
समय समय पर Form 26AS AIS और क्रेडिट स्कोर जरूर चेक करें
डिजिटल युग में आपकी पहचान सबसे कीमती संपत्ति है। इसलिए सतर्क रहें जागरूक रहें और समय पर अपनी वित्तीय जानकारी की जांच करते रहें। PAN का एक छोटा सा दुरुपयोग आपके भविष्य को बड़ा नुकसान पहुंचा सकता है।





