नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । सोमवार 12 मई बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के अवकाश कैलेंडर के अनुसार, देश के कुछ हिस्सों में आज बैंक बंद रहेंगे। यह अवकाश क्षेत्रीय स्तर पर मान्य है, इसलिए सभी राज्यों में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित नहीं होंगी। ग्राहक अपने स्थानीय क्षेत्र के अनुसार बैंक अवकाश की पुष्टि कर सकते हैं।
हालांकि, इस धार्मिक पर्व के बावजूद देश के प्रमुख शेयर बाजार बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में आज सामान्य रूप से ट्रेडिंग होगी। शेयर बाजार में कोई अवकाश घोषित नहीं किया गया है और कारोबारी गतिविधियां निर्धारित समयानुसार जारी रहेंगी।
बुद्ध पूर्णिमा पर इन शहरों में रहेंगे बैंक बंद
बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर देश के कई हिस्सों में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के अवकाश कैलेंडर के अनुसार आज 12 मई को अगरतला, आइजोल, बेलापुर, भोपाल, देहरादून, ईटानगर, जम्मू, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, नई दिल्ली, रायपुर, रांची, शिमला और श्रीनगर में बैंक बंद रहेंगे। इसके अलावा, बीते शनिवार (10 मई) और रविवार (11 मई) को साप्ताहिक अवकाश के चलते देशभर में बैंक बंद थे, जिससे लगातार तीन दिनों तक कई स्थानों पर बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध नहीं रहीं।
बुद्ध पूर्णिमा का महत्व
बुद्ध पूर्णिमा बौद्ध धर्म के संस्थापक गौतम बुद्ध की जयंती के रूप में मनाई जाती है। यह पर्व बुद्ध के जन्म, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण, तीनों घटनाओं की स्मृति में विशेष महत्व रखता है। यह पूर्णिमा तिथि आमतौर पर अप्रैल या मई में आती है और दक्षिण, दक्षिण-पूर्व तथा पूर्वी एशिया में विशेष श्रद्धा के साथ मनाई जाती है।
जानिए मई में कब-कब बंद रहेंगे बैंक
मई 2025 में भी देश के अलग-अलग हिस्सों में क्षेत्रीय त्योहारों और विशेष अवसरों के चलते कुछ दिन बैंक बंद रहेंगे। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के अवकाश कैलेंडर के अनुसार आगामी प्रमुख छुट्टियां निम्नलिखित हैं :-
16 मई (शुक्रवार) – राज्य दिवस के अवसर पर सिक्किम में बैंक बंद रहेंगे।
26 मई (सोमवार) – काजी नजरुल इस्लाम का जन्मदिन, त्रिपुरा में इस दिन बैंक नहीं खुलेंगे।
29 मई (गुरुवार) – महाराणा प्रताप जयंती, हिमाचल प्रदेश में इस अवसर पर बैंक अवकाश रहेगा।
छुट्टियों का गणित क्या है ?
भारत में बैंक अवकाश दो प्रकार के होते हैं एक राष्ट्रीय और दूसरा क्षेत्रीय । स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस और गांधी जयंती जैसे राष्ट्रीय अवकाश पूरे देश में लागू होते हैं, वहीं राज्य विशेष त्योहारों या अवसरों पर क्षेत्रीय स्तर पर बैंकों की छुट्टियां होती हैं। इसके अतिरिक्त, देशभर में बैंक हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बंद रहते हैं, साथ ही हर रविवार को भी बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध नहीं होतीं। बैंकिंग से जुड़े किसी भी कार्य की योजना बनाते समय ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी स्थानीय शाखा की अवकाश सूची की जांच कर लें। सटीक और अधिकृत जानकारी RBI की आधिकारिक वेबसाइट या संबंधित बैंक की वेबसाइट से ले सकते हैं।




