नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। UPI ने ऑनलाइन धोखाधड़ी के एक नए तरीके को लेकर ग्राहकों को अलर्ट किया है। इस तरह के स्कैम में OTP या पासवर्ड शेयर किए बिना ही यूजर्स के अकाउंट से पैसे कट जा रहे हैं। स्कैम का ये तरीका Call Merging Scam कहलाता है।
UPI ने दी चेतावनी
UPI ने बताया, स्कैमर आपके पास फोन करेगा। किसी परिचित का नाम लेकर आपसे बात करेगा। वो आपको बताएगा कि किसी काम के लिए उस परिचित ने आपका नंबर दिया है। आम तौर पर इस तरह का कॉल स्कैमर्स उन लोगों को करते हैं जिनके बैंक या फिर कार्ड की डिटेल उनके पास होती है। ये स्कैमर आपसे बात करते हुए आपके अकाउंट से ऑनलाइन ट्रांजैक्शन कर रहे होते हैं। आखिरी स्टेप होता है ओटीपी का। कई बैंक्स कॉल से ओटीपी देने की सुविधा देते हैं। स्कैमर आपको बातों में उलझाते हैं और काम की अर्जेंसी बताते हुए कहते हैं कि जिस व्यक्ति ने उन्हें आपका नंबर दिया है वो भी आपको कॉल कर रहा है आप कॉल मर्ज कर लें तो साथ में बात हो जाएगी।
कॉल मर्जिंग स्कैम कैसे काम करता है?
ये कॉल असल में आपका दोस्त नहीं कर रहा होता, वो ओटीपी का कॉल होता है। जैसे ही आप कॉल मर्ज करते हैं स्कैमर आपके नंबर पर आई ओटीपी सुन लेता है। जब तक आप कुछ समझ पाते हैं तब तक आपके अकाउंट से पैसे कट चुके होते हैं। इसी तरीके से स्कैमर्स वॉट्सऐप भी हैक कर लेते हैं।
कॉल मर्जिंग स्कैम से बचाव के तरीके
– कभी भी अनजान नंबरो से आए कॉल्स को मर्ज न करें। खासकर तब जब ये रिक्वेस्ट कोई अनजान व्यक्ति कर रहा हो।
-जब भी कोई किसी और का रिफरेंस देकर बात करे, उस व्यक्ति से उसके नंबर पर फोन करके जानकारी वेरिफाई जरूर करें।
जानें रिपोर्ट करने का तरीका
आपके पास इस तरह का कॉल आए तो आप 1930 हेल्पलाइन नंबर पर फोन करके रिपोर्ट दर्ज करें। अगर आपके अकाउंट से पैसे कट भी जाएं तो भी तुरंत इस नंबर पर फोन करें, इससे बैंक समय रहते आपके अकाउंट से हुए ट्रांजैक्शन को कैंसिल कर सकता है और आपको होने वाले नुकसान से बचा सकता है।




