नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क। आज कार सिर्फ शौक नहीं रही, ऑफिस आना-जाना हो, बच्चों को स्कूल छोड़ना हो या फैमिली आउटिंग प्लान करनी हो, खुद की गाड़ी होना अब जरूरत बन चुका है। लेकिन कार खरीदना जितना जरूरी लगता है, उतना ही बड़ा फाइनेंशियल डिसीजन भी होता है। इस फैसले का सबसे पहला चैलेंज आता है डाउन पेमेंट का इंतजाम। डाउन पेमेंट यानी कार की कुल कीमत का वो हिस्सा, जो आपको खरीद के वक्त तुरंत देना होता है। बाकी रकम लोन से कवर होती है। जितनी ज्यादा डाउन पेमेंट देंगे, उतनी ही आपकी EMI कम होगी और ब्याज का बोझ भी घटेगा।
आमतौर पर डाउन पेमेंट कुल कीमत का 10 से 30 प्रतिशत तक होती है, जो कई बार लोगों के लिए मुश्किल साबित होती है। अगर आप भी डाउन पेमेंट को लेकर उलझन में हैं और सोच रहे हैं कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाएं, तो राहत की बात यह है कि कुछ स्मार्ट प्लानिंग और मनी मैनेजमेंट ट्रिक्स आपकी राह आसान कर सकते हैं। यहां जानिए ऐसे 4 आसान लेकिन असरदार तरीके जो कार की डाउन पेमेंट जुटाने में आपकी मदद कर सकते हैं।
1. SIP और म्यूचुअल फंड में निवेश से करें
अगर आप कार खरीदने की योजना अगले 2 से 3 साल में बना रहे हैं, तो SIP (सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान) आपके लिए सबसे समझदारी भरा विकल्प हो सकता है। यह न सिर्फ आपके पैसे को सुरक्षित तरीके से बढ़ाता है, बल्कि नियमित निवेश की आदत भी डालता है। मान लीजिए कि आपको करीब 2 लाख रुपये डाउन पेमेंट के तौर पर जुटाने हैं। ऐसे में अगर आप हर महीने 6,000 रुपये की SIP करते हैं और आपको औसतन 12% सालाना रिटर्न मिलता है, तो अगले 3 सालों में करीब 2.58 लाख रुपये जमा हो सकते हैं। इसका मतलब ये हुआ कि न सिर्फ आपका टार्गेट पूरा होगा, बल्कि आपके पास कुछ अतिरिक्त रकम भी बच जाएगी, जो बीमा, RTO शुल्क या ऐक्सेसरीज़ के काम आ सकती है। यानी डाउन पेमेंट के लिए SIP एक अच्छा विकल्प साबित हो सकता है।
2. शॉर्ट-टर्म FD या RD भी है बेहतर विकल्प
अगर आप बाजार की उठापटक से बचना चाहते हैं और जोखिम नहीं लेना चाहते, तो Recurring Deposit (RD) या Short-Term Fixed Deposit (FD) आपके लिए भरोसेमंद विकल्प हो सकते हैं। ये निवेश साधन गैर-जोखिमपूर्ण होते हैं और तयशुदा गारंटीड रिटर्न प्रदान करते हैं। उदाहरण के लिए, अगर आप हर महीने 8,000 रुपये RD में निवेश करते हैं और उस पर औसतन 6.5% सालाना ब्याज मिलता है, तो 24 महीनों यानी 2 साल में आपकी कुल जमा राशि करीब 2.05 लाख रुपये हो सकती है। इसमें ब्याज भी शामिल होगा। इस तरीके से न केवल आपकी डाउन पेमेंट की रकम सुरक्षित तरीके से तैयार हो जाती है, बल्कि आपको बाजार के उतार-चढ़ाव की चिंता भी नहीं रहती।
3. खर्चों में कटौती और स्मार्ट बजटिंग से बनाएं बड़ा फंड
अगर आप वाकई अपनी खुद की कार का सपना पूरा करना चाहते हैं, तो सिर्फ इनकम नहीं, फाइनेंशियल डिसिप्लिन भी जरूरी है। इसका सबसे सीधा तरीका है बजटिंग और गैर-जरूरी खर्चों में कटौती। सबसे पहले अपने हर महीने के खर्चों की समीक्षा करें। अनयूज्ड सब्सक्रिप्शन बंद करें, फालतू की ऑनलाइन शॉपिंग से बचें और बाहर खाना खाने जैसी आदतों पर ब्रेक लगाएं। अगर आप महीने में 5,000 रुपये से 7,000 रुपये तक भी सेव करने लगते हैं, तो 2 से 3 साल के भीतर आप आराम से 1.5 रुपये से 2.5 लाख रुपये तक की रकम जुटा सकते हैं। यानी छोटे-छोटे बदलावों से आप धीरे-धीरे डाउन पेमेंट के बड़े लक्ष्य के करीब पहुंच सकते हैं।
4. साइड इनकम और बोनस
अगर आप डाउन पेमेंट जल्दी जुटाना चाहते हैं, तो सिर्फ सेविंग्स नहीं, अतिरिक्त इनकम के विकल्प भी तलाशना जरूरी है। साइड इनकम न केवल आपकी आमदनी बढ़ाती है, बल्कि बड़े फाइनेंशियल गोल्स को तेजी से पूरा करने में मदद करती है। अगर आपके पास थोड़ा फ्री टाइम है, तो आप फ्रीलांसिंग, कंटेंट राइटिंग, ट्यूटरिंग या किसी भी स्किल बेस्ड साइड गिग से अच्छी कमाई कर सकते हैं। इसके अलावा, अगर आपको सालाना बोनस या सैलरी इन्क्रीमेंट मिलता है, तो उसे खर्च करने की बजाय सीधे सेविंग फंड में डालें। उदाहरण के तौर पर, अगर आप हर साल 50,000 रुपये का बोनस बचाते हैं, तो 2 साल में 1 लाख रुपये आसानी से जमा हो सकते हैं, जो डाउन पेमेंट का एक बड़ा हिस्सा बन सकता है।
कार लोन लेने से पहले इन बातों का जरूर रखें ध्यान
अगर आप कार लोन लेने का प्लान कर रहे हैं, तो सिर्फ ब्याज दर ही नहीं, कुछ और जरूरी पहलुओं पर ध्यान देना बेहद जरूरी है।
जितना ज्यादा डाउन पेमेंट, उतनी कम EMI : लोन की रकम जितनी कम होगी, आपकी मासिक किस्त (EMI) उतनी ही कम बनेगी। इसलिए कोशिश करें कि ज्यादा से ज्यादा डाउन पेमेंट करें। इससे ब्याज की कुल लागत भी घटती है।
ब्याज दरों की तुलना करें : बाजार में हर बैंक और फाइनेंस कंपनी अलग-अलग ब्याज दरें ऑफर करते हैं। किसी एक ऑफर को चुनने से पहले कम से कम 3–4 बैंकों की ब्याज दर की तुलना जरूर करें।
प्रोसेसिंग फीस और हिडन चार्जेस को समझें : सिर्फ ब्याज दर देखना काफी नहीं है। लोन लेते समय लगने वाली प्रोसेसिंग फीस, डॉक्यूमेंट चार्ज, प्रीपेमेंट पेनल्टी जैसे हिडन चार्ज भी जान लें, ताकि बाद में कोई सरप्राइज न मिले।
छोटा लोन टेन्योर चुनें, तो कम होगा ब्याज : अगर आप अपनी EMI मैनेज कर सकते हैं, तो छोटा टेन्योर चुनना बेहतर होगा। इससे ब्याज का कुल बोझ काफी कम हो जाता है और आप जल्दी कर्जमुक्त भी हो सकते हैं।





