नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। देशभर में एक बार फिर Unified Payments Interface (UPI) सर्विस ठप हो गई है। लोग Google Pay, PhonePe, Paytm और Amazon Pay जैसे ऐप्स से पेमेंट नहीं कर पा रहे हैं। यह इस साल छठी बार है जब UPI सिस्टम डाउन हुआ है। शनिवार दोपहर से ही लोगों को पेमेंट करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
QR कोड स्कैन करने के बाद पेमेंट अटक रही है
Downdetector वेबसाइट के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 12 बजे से UPI की समस्याएं शुरू हो गई थीं। यूजर्स QR कोड स्कैन करने के बाद पेमेंट प्रोसेस तो देख पा रहे हैं, लेकिन भुगतान पूरा नहीं हो रहा है। कुछ मामलों में 5 मिनट बाद भी ट्रांजैक्शन फेल हो रहा है। Downdetector पर दोपहर 12:20 बजे तक 1300 से ज्यादा शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 96 शिकायतें Google Pay से और 23 शिकायतें Paytm यूज़र्स की थीं। इसका असर कितने राज्यों में हुआ है, इस बारे में अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं आई है।
लोगों को रोजमर्रा के कामों में हो रही है दिक्कत
UPI की गड़बड़ी का असर सीधे लोगों की दिनचर्या पर पड़ा है। ऑटो से सफर करना हो, दूध, सब्जी या राशन खरीदना हो – लोग ज़्यादातर जगह अब कैश की बजाय UPI से ही पेमेंट करते हैं। अब जब ये सर्विस काम नहीं कर रही है, तो लोगों को बहुत दिक्कत हो रही है।
नोट नहीं, मोबाइल ही है ‘पर्स’
आजकल खासकर युवा और मिड एज ग्रुप के लोग मोबाइल ऐप्स से ही सभी पेमेंट करते हैं। उनके पास कैश नहीं होता, सिर्फ फोन में मौजूद वॉलेट या बैंक ऐप ही उनका ‘पर्स’ है। ऐसे में UPI डाउन होने से उनका सारा काम ठप हो जाता है। बुजुर्ग अभी भी कैश रखने में भरोसा रखते हैं, लेकिन बाकी लोगों को अब बिना कैश काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। UPI यानी Unified Payments Interface एक डिजिटल पेमेंट सिस्टम है जिसे नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने डेवलप किया है। इसके जरिए लोग तुरंत एक बैंक अकाउंट से दूसरे बैंक अकाउंट में पैसे भेज सकते हैं। इसकी सबसे बड़ी खासियत है – तेज, आसान और सुरक्षित ट्रांजैक्शन। अभी तक NPCI या संबंधित कंपनियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है कि ये दिक्कत कब तक ठीक होगी। फिलहाल यूज़र्स को सलाह दी जा रही है कि वे पेमेंट के लिए कैश या कार्ड का विकल्प रखें, जब तक UPI सर्विस दोबारा ठीक से शुरू न हो जाए।





