नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। उत्तर प्रदेश विधानसभा में आज बुधवार को योगी आदित्यनाथ सरकार का बजट 2026 पेश किया जाएगा. वित्त मंत्री सुरेश खन्ना सुबह 11 बजे सदन में बजट रखेंगे. साल 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले यह योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल का आखिरी पूर्ण बजट है, इसलिए इसे राजनीतिक और विकास के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है.
चुनावी साल से पहले अहम बजट
सरकार इस बार ऐसा बजट पेश करने की तैयारी में है, जो महिलाओं, युवाओं, किसानों और श्रमिकों पर केंद्रित हो. माना जा रहा है कि चुनावी साल को देखते हुए कुछ नई योजनाओं और बड़े ऐलानों की घोषणा हो सकती है. सुबह 9 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक होगी, जिसमें बजट को अंतिम मंजूरी दी जाएगी.
महिलाओं और युवाओं के लिए बड़ी योजनाओं के संकेत
सूत्रों के मुताबिक बजट में महिलाओं के लिए नई योजनाओं या आर्थिक मदद से जुड़े फैसले हो सकते हैं। इसके साथ ही युवाओं के लिए नई भर्ती, स्किल डेवलपमेंट और रोजगार से जुड़ी घोषणाएं भी संभावित हैं। सरकार का दावा है कि बजट में हर वर्ग की जरूरतों को ध्यान में रखा गया है। बजट में किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए अलग प्रावधान किए जा सकते हैं। सिंचाई, फसल उत्पादन और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं को बढ़ावा देने पर जोर रहने की संभावना है। बजट सत्र को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए विधानसभा और आसपास के इलाकों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। एटीएस, क्यूआरटी और रिजर्व पुलिस बल को अलर्ट पर रखा गया है। अत्याधुनिक कंट्रोल रूम से 24 घंटे सीसीटीवी के जरिए निगरानी की जा रही है. ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए चार सेक्टरों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है और डायवर्जन प्लान लागू किया गया है।
हर वर्ग की उम्मीदों पर खरा उतरेगा बजट
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा है कि बजट 2026 में युवाओं, महिलाओं, श्रमिकों और किसानों के हितों को प्राथमिकता दी गई है। सरकार का मानना है कि यह बजट प्रदेश के विकास को नई गति देगा और आम लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा।





