नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। अक्षय तृतीया से ठीक पहले सोने के दामों में जबरदस्त तेजी देखी जा रही है। सोमवार को अमेरिकी शेयर बाजार में हाहाकार मच गया था जिसके बाद गोल्ड ने लंबी छलांग लगाई। MCX पर कारोबार की शुरुआत होने के साथ ही ये 1700 रुपये से ज्यादा की बढ़त के साथ 99,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के पार निकलकर नए ऑल टाइम हाई लेवल पर पहुंच गया। घरेलू मार्केट की अगर बात करें तो तो सोने का भाव मेकिंग चार्ज और GST के साथ 100000 रुपये के पार निकल गया है।
फर्राटा भर रहे हैं सोने के दाम
जिस तेजी से सोने के दामों में तेजी देखी जा रही थी उसे देखकर एक्सपर्ट्स अंदाजा लगा रहे थे कि सोना बहुत जल्द 1 लाख रुपये के स्तर को छू जाएगा। मंगलवार को यह वास्तविकता में बदल गया। बीते 6 कारोबारी दिन की बात करें तो सोने की कीमतों में 6 हजार रुपये की तेजी देखी गई है। सोमवार 14 अप्रैल को MCX पर सोने का वायदा भाव 93,252 प्रति 10 ग्राम पर था जबकि 22 अप्रैल को 99,178 रुपये के लेवल पर पहुंच गया।
क्यों बढ़ रहे हैं सोने के दाम
वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं और अमेरिकी मंदी (Recession) की आशंकाओं के बीच पिछले कुछ महीनों से सोने की कीमतों (Gold Rate Today) में बढ़ोतरी हो रही है। इसके अलावा ट्रंप द्वारा लगाए गए टैरिफ के बाद भी इसमें तेजी आनी शुरू हुई है। हालांकि अभी टैरिफ को 90 दिनों के लिए रोक दिया गया है। एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि जब टैरिफ चलन में आएगा तो एक बार फिर से सोने की कीमतें आसमान छू सकती हैं। रिटेल निवेशकों को सलाह दी गई है कि कीमतें बढ़ने के साथ ही खरीददारी से बचें। मांग बढ़ने के साथ ही दाम बढ़ना स्वभाविक हो जाएगा।




