नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। वॉट्सऐप (Whatsapp) आज के समय की सबसे बड़ी जरुरत बनकर उभरा है, चाहे दोस्तों से बात करनी हो या बिजनेस के लिए इस्तेमाल करना चाहते हों, वॉट्सऐप सबसे आसान तरीका बनकर सामने आया है। भारत में एक बड़ी आबादी इसे रोजमर्रा के आधार पर इस्तेमाल करती है। हालांकि इसे लेकर यूजर्स में शंका भी बनी रहती है कि क्या इसे हैक किया जा सकता है या नहीं। आज इस बारे में सारी जानकारी आपके सामने रखेंगे।
हैकर्स कर सकते हैं वॉट्सऐप में सेंधमारी
अगर आपके मन में यह सवाल है कि क्या आपका वॉट्सऐप बिल्कुल सेफ है, तो इसका जवाब है नहीं, इसे हैक किया जा सकता है। हालांकि हैकिंग के लिए यूजर्स को धोखे में रखा जाता है और कई तरीके से हैकर्स आपको अपने झांसे में फंसा सकते हैं। हैकर्स आपके फोन की क्लोनिंग कर या मालवेयर सॉफ्टवेयर की मदद से आपके वॉट्सऐप में सेंधमारी कर सकते हैं। इसके अलावा यूजर से वेरिफिकेशन कोड लेकर भी आपके वॉट्सऐप को हैक किया जा सकता है।
इन संकेतों से करें हैकिंग की पहचान
एक बार जब हैकर्स आपके वॉट्सऐप को हैक कर लेंगे फिर उसका पूरा एक्सेस उनके हाथ में चला जाता है। वह उस अकाउंट का इस्तेमाल कर अपनी मन मुताबिक गतिविधि कर सकते हैं। अगर आपके वॉट्सऐप अकाउंट में कुछ अंजान मैसेज दिखे जो अपने न भेजे हों या आपकी फोटो में कोई बदलाव दिखे तो समझ जाइए कि आपका अकाउंट हैक हो चुका है। हैकर्स सबसे पहले पासवर्ड बदलने की कोशिश करते है जिससे संबंधित आपको पासवर्ड रिसेट करने की रिक्वेस्ट मिलने लगेगी जिससे आपको सावधान रहना होगा।
ऐसे करें बचाव
वॉट्सऐप को सेफ और सिक्योर बनाए रखने के लिए कभी भी किसी के साथ OTP शेयर न करें । ओटीपी शेयर करने के बाद आपके हाथ से आपके अकाउंट का एक्सेस निकल जाएगा। अकाउंट को सुरक्षति बनाए रखने के लिए 2 स्टेप वेरिफिकेशन ऑन रखें जिससे दो स्तरीय सुरक्षा मिलती है। इसके अलावा किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें, इन लिंक के जरिए आपके अकाउंट में घुसपैठ की जा सकती है।





