
नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। वैश्विक बाजारों के दबाव से अब घरेलू शेयर बाजार उबर चुका है। एशियाई बाजारों में बड़ी गिरावट है, लेकिन गुरुवार को सेंसेक्स और निफ्टी ने अच्छी शुरुआत की है। दोनों प्रमुख सूचकांकों ने ग्रीन जोन में कारोबार शुरू किया है। सुबह 9.30 बजे बीएसई सेंसेक्स 110 अंक से ज्यादा मजबूत था। यह 66220 अंक पार कारोबार कर रहा था। एनएसई निफ्टी 20 अंक बढ़त में था। 19735 अंक के पास कारोबार कर रहा था।
मजबूती के संकेत मिल रहे
बाजार खुलने से पहले गिफ्टी सिटी में निफ्टी का वायदा हरे निशान में था। प्री-ओपन सेशन में तेजी के संकेत दिखे थे। प्री-ओपन सेशन में सेंसेक्स 290 अंक चढ़ा था। निफ्टी भी 50 अंक की बढ़त में था। इससे संकेत मिले थे कि बाजार वैश्विक दबाव से उबरने के मूड में है। फिर से रैली की राह पर वापस आ सकता है।
6 दिनों की गिरावट पर ब्रेक
बुधवार को घरेलू बाजार ने राहत की सांसें ली थीं। लगातार 6 दिनों की गिरावट पर बुधवार को ब्रेक लग गया था। कल कारोबार समाप्त होने पर सेंसेक्स 173.22 अंकों के फायदे में रहा। 66118.69 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी 51.75 अंक की तेजी के साथ 19716.80 अंक तक पहुंचा था। कल के कारोबार में बाजार को निचले स्तर पर आई खरीदारी से काफी सपोर्ट मिला था।
अमेरिकी बाजार में भी गिरावट थमने के संकेत
अमेरिकी बाजार में गिरावट थमने के संकेत मिले हैं। बुधवार को अमेरिकी शेयर बाजार वापसी में सफल रहे। Dow Jones Industrial Average में 0.20 फीसदी की गिरावट थी। Nasdaq Composite Index में 0.22 फीसदी की और S&P 500 Index में 0.02 फीसदी हल्की तेजी आई थी। एशियाई बाजार कारोबार में गिरे हैं। जापान का निक्की 1.73 फीसदी के नुकसान में है। हांगकांग का हैंगसेंग 1.20 फीसदी गिरा है।
शुरुआती कारोबार में बड़े शेयर
बड़े शेयरों ने आज बाजार संभाला है। शुरुआती कारोबार में अधिकतर बड़े शेयर ग्रीन जोन में हैं। सेंसेक्स पर एलएंडटी का शेयर सबसे अधिक 1.60 फीसदी चढ़ा है। जेएसडब्ल्यू स्टील, सन फार्मा, टाटा स्टील जैसे शेयर अच्छी तेजी में हैं। हालांकि आईटी शेयरों पर प्रेशर बरकरार है। टेक महिंद्रा सेंसेक्स सबसे ज्यादा 1.50 फीसदी नुकसान में है। एशियन पेंट भी 1 फीसदी से ज्यादा गिरा है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें :- www.raftaar.in