नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । सोने और चांदी की कीमतों में सोमवार को बड़ी गिरावट देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दिसंबर डिलीवरी वाले सोने के वायदा भाव में 1.01% की कमी दर्ज हुई और यह 1,22,199 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। वहीं, चांदी के वायदा भाव में भी 0.93% की गिरावट हुई और यह 1,46,097 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया। विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक बाजारों में उतार-चढ़ाव और डॉलर के मजबूत होने से सोने-चांदी के भाव पर दबाव बना हुआ है।
आज महानगरों में सोने के भाव
27 अक्टूबर को दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव ₹12,463 प्रति ग्राम, 22 कैरेट ₹11,425 प्रति ग्राम और 18 कैरेट ₹9,351 प्रति ग्राम है। मुंबई में आज 24 कैरेट सोने की कीमत ₹12,448, 22 कैरेट ₹11,410 और 18 कैरेट ₹9,336 प्रति ग्राम है। कोलकाता में भी 24 कैरेट सोने का भाव ₹12,448, 22 कैरेट ₹11,410 और 18 कैरेट ₹9,336 प्रति ग्राम दर्ज किया गया। चेन्नई में सोने की कीमतें थोड़ी अधिक हैं, जहां 24 कैरेट सोना ₹12,491, 22 कैरेट ₹11,450 और 18 कैरेट ₹9,575 प्रति ग्राम बिक रहा है। बेंगलुरु में 24 कैरेट सोने का भाव ₹12,448, 22 कैरेट ₹11,410 और 18 कैरेट ₹9,336 प्रति ग्राम है।
विश्लेषकों का अनुमान : अगले हफ्ते सोने की कीमतों में हो सकती है गिरावट
विश्लेषकों का कहना है कि अगले हफ्ते घरेलू सोने की कीमतों में थोड़ी गिरावट आ सकती है। निवेशक केंद्रीय बैंकों की बैठकों और वैश्विक आर्थिक घटनाओं पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। अमेरिकी फेड के नीतिगत फैसलों और फेड अध्यक्ष जेरोम पॉवेल की टिप्पणियों पर निवेशकों की निगाह रहेगी। जेएम फाइनेंशियल के प्रणव मेर के अनुसार, हाल की मुनाफावसूली, भारत और चीन में कमजोर मांग और मजबूत डॉलर के दबाव से सोने की कीमतें दस हफ्तों में पहली बार नकारात्मक स्तर पर बंद हुई हैं।





