नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । अगर आपके पास अभी भी बंद हुए 2000 के नोट हैं, जिन्हें आप बैंक में जमा या बदल नहीं पाए हैं। तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) अभी भी इन नोटों को बदलने या जमा करने को तैयार है। दरअसल, रिजर्व बैंक ने कहा है कि बंद किए गए 2000 रुपये के 98.12% बैंक नोट बैंकिंग सिस्टम में वापस आ गए हैं। लेकिन अब भी लोगों के पास 6,691 करोड़ रुपये के नोट हैं। जिन्हें आप आसानी से बदल सकते हैं।
बता दें कि 19 मई, 2023 को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 2000 रुपये के नोटों को प्रचलन से वापस लेने की घोषणा की थी। शीर्ष बैंक के अनुसार 31 दिसंबर, 2024 तक लोगों के पास सिर्फ़ 6,691 करोड़ रुपये के 2000 रुपये के नोट बचे हैं, जो 19 मई, 2023 को नोट बंद किए जाने के समय प्रचलन में मौजूद 3.56 लाख करोड़ रुपये के कुल मूल्य से काफ़ी कम है। हालांकि, 2000 रुपये के नोट वैध मुद्रा बने रहेंगे। आरबीआई ने कहा कि 19 मई 2023 को कारोबार बंद होने पर 2000 रुपये के बैंक नोटों का कुल मूल्य 3.56 ट्रिलियन रुपये था, जो 31 दिसंबर 2024 को कारोबार बंद होने पर घटकर 6,691 करोड़ रुपये रह जाएगा।
क्या अब आप इन पैसों को बदल पाएंगे?
2,000 रुपये के नोटों को बदलने या जमा करने की आसान सुविधा 7 अक्टूबर 2023 तक सभी शाखाओं में उपलब्ध थी। लेकिन अब आप इन नोटों को केवल चुनिंदा शाखाओं में ही बदल या जमा कर सकते हैं। यह विकल्प अब केवल रिजर्व बैंक के 19 निर्गम कार्यालयों में ही उपलब्ध है।
19 शाखाएं, जहां आप 2000 के नोट जमा व बदल सकते हैं
जिन शहरों में RBI के कार्यालय हैं, वहां आप 2000 के नोट बदल या जमा कर सकते हैं। इनमें अहमदाबाद, बेंगलुरु, बेलापुर, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, चेन्नई, गुवाहाटी, हैदराबाद, जयपुर, जम्मू, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, नई दिल्ली, पटना और तिरुवनंतपुरम शामिल हैं। गौरतलब है कि 2000 रुपये के नोट नवंबर 2016 में तब शुरू किए गए थे, जब तत्कालीन 1000 और 500 रुपये के नोट बंद कर दिए गए थे।





