नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। भारत में अमीरों की तादाद में लगातार उछाल देखने को मिल रहा है। छह साल पहले भारत में बिलियनेयर्स संख्या सिर्फ 7 थी, जो कि अब बढ़कर 191 हो गई है। वहीं हाई नेटवर्थ इंडिविजुल (HMWI) मामले में देश अमेरिका-चीन के बाद तीसरे नंबर पर आ गया है। यहां साफ कर दें कि बिलियनेयर का मतलब ऐसे इंडीविजुअल से है जिसके पास 1 बिलियन डॉलर या उससे ज्यादा की संपत्ति है। 1 बिलियन डॉलर में लगभग 8713 करोड़ रुपये होते हैं।
क्या कहती है Global Wealth Report 2025
हाल ही में Knight Frank की Global Wealth Report 2025 सामने आई है। इस रिपोर्ट के अनुसार भारत में बिलियनेयर्स की संख्या 191 है, जिनकी कुल संपत्ति 100 लाख करोड़ रुपये के करीब है। इस रिपोर्ट की मानें तो बीते साल 2024 में देश में 26 नए अरबपति लिस्ट में शामिल हुए हैं। वहीं कंबाइड वेल्थ के मामले में भारतीयों की संयुक्त संपत्ति अब वैश्विक स्तर पर तीसरे नंबर पर है। इसमें पहला नंबर अमेरिका का और दूसरा चीन का है। नाइट फ्रैंक इंडिया के चेयरमैन शिशिर बैजल ने कहा कि अमीरों की तादाद में लगातार वृद्धि देश की मजबूत लॉन्गटर्म इकोनॉमिक ग्रोथ और बढ़ते इन्वेस्टमेंट के अवसरों प्रदर्शित करती है।
लगातार भर रहीं रईसों की तिजोरियां
भारत के रईस लगातार और अमीर होते जा रहे हैं। आंकड़ों के अनुसार 1 करोड़ डॉलर से अधिक की संपत्तियों वाले रईसों की संख्या अब 85,698 हो गई है। वहीं अनुमान है कि अगले तीन सालों में यह संख्या करीब 94,000 तक पहुंच सकती है।
अमेरिका के लोग हैं सुपर रिच
नाइट फ्रैंक की रिपोर्ट कहती है कि अमेरिका के लाेग सबसे ज्यादा सुपर रिच हैं। यहां अमीरों की संख्या सबसे ज्यादा है। यहां दुनिया के 40 प्रतिशत सुपर रिच हैं, जिनकी नेटवर्थ 1 करोड़ डॉलर से ज्यादा है। यूएस में करीब 9 लाख अमीर लोग है। इस मामले में अमेरिका के बाद दूसरे नंबर पर चीन है, क्योंकि यहां करीब 4.7 लाख सुपर रिच लोग रहते हैं। वहीं भारत की बात करें तो इनकी संख्या 85,698 है।





