नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए बड़ी खबर है। इस साल 1 फरवरी 2026 को रविवार होने के बावजूद शेयर बाजार खुले रहेंगे। इस दिन नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) दोनों पर सामान्य दिनों की तरह ट्रेडिंग होगी। दरअसल, इसी दिन केंद्र सरकार का आम बजट 2026-27 पेश किया जाएगा।
NSE-BSE ने जारी किया सर्कुलर
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने निवेशकों और अपने सदस्यों को जारी सर्कुलर में साफ किया है कि केंद्रीय बजट के मद्देनज़र 1 फरवरी को ‘लाइव ट्रेडिंग सेशन’ आयोजित किया जाएगा। वहीं, BSE ने भी इस दिन को ‘स्पेशल ट्रेडिंग डे’ घोषित किया है।
1 फरवरी को बाजार का पूरा टाइम टेबल
बजट वाले दिन शेयर बाजार का समय बिल्कुल सामान्य रहेगा प्री-ओपन मार्केट: सुबह 9:00 बजे से 9:08 बजे तक नॉर्मल ट्रेडिंग: सुबह 9:15 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक इस दौरान इक्विटी, डेरिवेटिव और अन्य सेगमेंट में ट्रेडिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। बजट के दिन बाजार खुला रहने से निवेशकों को सरकार की नीतिगत घोषणाओं पर तुरंत प्रतिक्रिया देने का मौका मिलेगा। टैक्स, इंफ्रास्ट्रक्चर, कैपेक्स, बैंकिंग और मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े ऐलानों का असर सीधे शेयर बाजार में देखने को मिलेगा।
सुबह 11 बजे पेश होगा बजट
लोकसभा स्पीकर पहले ही यह कन्फर्म कर चुके हैं कि 1 फरवरी 2026 को सुबह 11 बजे वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में बजट पेश करेंगी। वर्ष 2017 से हर साल 1 फरवरी को बजट पेश किया जा रहा है, चाहे वह किसी भी दिन पड़े। बजट 2026 वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का लगातार नौवां केंद्रीय बजट होगा। इसके साथ ही वह बिना किसी ब्रेक के सबसे ज्यादा बार बजट पेश करने वाली वित्त मंत्री बन जाएंगी। बजट से एक दिन पहले आर्थिक सर्वेक्षण जारी किया जाएगा। इसके बाद मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंत नागेश्वरन और वित्त मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए अर्थव्यवस्था की स्थिति पर जानकारी देंगे। 1 फरवरी 2026 निवेशकों के लिए बेहद अहम दिन होने वाला है। रविवार को खुला शेयर बाजार और बजट की बड़ी घोषणाएं दोनों मिलकर बाजार में जबरदस्त हलचल ला सकती हैं। ऐसे में निवेशकों की नजरें पूरे दिन शेयर बाजार और बजट भाषण पर टिकी रहेंगी।





