नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। गुरुवार, 15 मई 2025 को हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन शेयर बाजार की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। BSE सेंसेक्स 88.70 अंक यानी 0.11% की गिरावट के साथ खुला और 81,239.95 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। वहीं NSE निफ्टी भी 29.10 अंक यानी 0.12% लुढ़क कर 24,637.80 के स्तर पर आ गया।
एशियाई बाजारों से मिला मिला-जुला संकेत
एशियाई बाजारों में भी आज गिरावट देखने को मिली। जापान का निक्केई 0.90% और टॉपिक्स 0.76% गिरा। अमेरिका और चीन के बीच ट्रेड डील के बावजूद बाजार में उत्साह नहीं दिखा। हालांकि अमेरिका का नैस्डेक 0.72% चढ़ा, जबकि डाउ जोन्स में 0.21% की गिरावट रही।
बुधवार को बाजार में रही मजबूती
बुधवार को खुदरा महंगाई में कमी और वैश्विक बाजारों से सकारात्मक संकेतों के चलते शेयर बाजार में तेजी आई थी। BSE सेंसेक्स 182.34 अंक की बढ़त के साथ 81,330.56 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी में 88 अंकों की मजबूती रही। BSE में बुधवार को 2,857 शेयरों में तेजी और 1,121 शेयरों में गिरावट रही, वहीं 147 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।
किन कंपनियों के शेयर चढ़े, कौन गिरा
Sensex की कंपनियों में टाटा स्टील का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा, जिसके शेयर में 3.88% की बढ़त देखी गई। इसके अलावा इंफोसिस, मारुति, टेक महिंद्रा, TCS, महिंद्रा एंड महिंद्रा, और एयरटेल जैसे स्टॉक्स भी फायदे में रहे। एयरटेल के शेयरों में 1% की तेजी देखी गई क्योंकि कंपनी का मार्च 2025 में समाप्त तिमाही का नेट प्रॉफिट 5 गुना बढ़कर 11,022 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं दूसरी ओर, एशियन पेंट्स, टाटा मोटर्स, कोटक महिंद्रा बैंक, NTPC, और पावरग्रिड के शेयरों में गिरावट देखी गई। बाजार की मौजूदा चाल निवेशकों को सतर्कता बरतने का संकेत देती है। ग्लोबल इकोनॉमिक माहौल और घरेलू आर्थिक आंकड़े आने वाले दिनों में बाजार की दिशा तय करेंगे।





