नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। घरेलू शेयर बाजार ने सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन गिरावट के साथ शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में बाजार पर दबाव बना रहा। सुबह 9:16 बजे BSE Sensex 70.84 अंक गिरकर 82,427.30 पर कारोबार करता दिखा। वहीं NSE Nifty 50 भी 6 अंक फिसलकर 25,448.35 पर ट्रेड करता नजर आया। विशेषज्ञों का कहना है कि कमजोर वैश्विक संकेतों और पिछले सत्र की बड़ी गिरावट के असर से निवेशक आज सतर्क रुख अपना रहे हैं।
इन स्टॉक्स पर रहेगी नजर
आज के कारोबार में निवेशकों की नजर खासतौर पर ABB इंडिया, CIE ऑटोमोटिव इंडिया, नोवार्टिस इंडिया, GHV इंफ्रा प्रोजेक्ट्स, वारी एनर्जीज, टेक्समैको रेल एंड इंजीनियरिंग, पेस डिजिटेक और रेलटेल कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया जैसे शेयरों पर रहेगी। इन कंपनियों से जुड़े अपडेट्स के चलते इनमें हलचल देखने को मिल सकती है।
आईटी शेयरों में बिकवाली, ये रहे टॉप लूजर
निफ्टी पर आईटी और वित्तीय शेयरों में बिकवाली का दबाव दिखा। प्रमुख गिरने वाले शेयरों में Infosys, Tech Mahindra, Wipro, HCL Technologies और Bajaj Finance शामिल रहे। आईटी इंडेक्स में करीब 1.3% की गिरावट दर्ज की गई, जबकि मीडिया इंडेक्स भी 1% नीचे रहा।
इन शेयरों में दिखी मजबूती
गिरावट के बीच कुछ शेयरों में खरीदारी का रुख भी नजर आया। बढ़त वाले शेयरों में Coal India, ONGC, Larsen & Toubro, Eicher Motors और Bharat Electronics शामिल रहे। पीएसयू बैंक इंडेक्स में करीब 0.5% की बढ़त देखी गई। मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स सपाट कारोबार करते दिखे। शेयर बाजार की कमजोरी के बीच भारतीय मुद्रा पर भी दबाव रहा। मजबूत डॉलर और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण रुपया 27 पैसे गिरकर 90.95 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। इंटरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 90.94 पर खुला और आगे फिसलकर 90.95 तक पहुंच गया। विशेषज्ञों का मानना है कि भू-राजनीतिक तनाव और विदेशी निवेशकों की सतर्कता के चलते बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। फिलहाल निवेशकों को सोच-समझकर कदम उठाने की सलाह दी जा रही है।





