नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार ने शुरुआत गिरावट के साथ की थी। सेंसेक्स 170 अंक टूटा और निफ्टी 24,550 के नीचे खुला। लेकिन कुछ ही देर में बाजार ने पलटवार किया और सेंसेक्स 100 अंक से ज्यादा चढ़ गया, वहीं निफ्टी भी 24,600 के पार निकल गया।
गिरावट की वजह और रिकवरी का कारण
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स के रिसर्च हेड विनोद नायर के मुताबिक, हाल ही में बाजार तीन महीने के निचले स्तर पर पहुंचा था, जिसके बाद विदेशी संस्थागत निवेशकों की वापसी और ग्लोबल मार्केट से मिले अच्छे संकेतों के चलते रिकवरी आई। हालांकि, भारत-अमेरिका टैरिफ विवाद के चलते अनिश्चितता अब भी बनी हुई है। दूसरी तरफ, ICICI बैंक के शेयर में कमजोरी देखने को मिली, जो हाल ही में सेविंग्स अकाउंट पर न्यूनतम बैलेंस 50,000 रुपये करने की घोषणा के बाद आई है. वहीं, यात्रा ऑनलाइन का शेयर लगभग 15% चढ़ा।
वैश्विक बाजार का हाल
अमेरिका ने चीन से आयातित सामान पर भारी टैरिफ लगाने की योजना को 90 दिनों के लिए टाल दिया है। इसके बाद एशियाई बाजारों में तेजी देखने को मिली। जापान का निक्केई 2% चढ़कर रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ, ऑस्ट्रेलिया का ASX 200 0.13%, साउथ कोरिया का KOSPI 0.81% और चीन का CSI 0.36% ऊपर गया।
जेएसडब्ल्यू सीमेंट का IPO धमाकेदार
जेएसडब्ल्यू सीमेंट के आईपीओ को निवेशकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। यह 7.77 गुना सब्सक्राइब हुआ। QIB (संस्थागत खरीदार): 15.8 गुना सब्सक्रिप्शन NII गैर-संस्थागत निवेशक 10.97 गुना
रिटेल निवेशक: 1.81 गुना
IPO का आवंटन आज 12 अगस्त 2025 फाइनल होने की उम्मीद है। अब निवेशकों की नजर अमेरिका-भारत ट्रेड वार्ता और ग्लोबल इकोनॉमिक डेटा पर है, जो आने वाले दिनों में बाजार की दिशा तय करेंगे।
तो वहीं बाटा इंडिया के शेयर पर भी निवेशकों की खास नजर है, वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में कंपनी का मुनाफा 70.1% घटकर 174 करोड़ रुपये से 52 करोड़ रुपये रह गया है. वहीं, आय 0.3% घटकर 944.6 करोड़ रुपये से 941.8 करोड़ रुपये पर आ गई है. सोमवार को कंपनी का शेयर 0.33% की बढ़त के साथ 1,186.00 रुपये के स्तर पर बंद हुआ था।





