नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार, 10 अक्टूबर को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत भले ही फ्लैट रही हो, लेकिन कुछ ही देर में मार्केट ने रफ्तार पकड़ ली। शुरुआती गिरावट के बाद सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में तेजी देखने को मिली। शुक्रवार को बीएसई सेंसेक्स 97 अंक की हल्की गिरावट के साथ 82,075.45 पर खुला, जबकि एनएसई निफ्टी 14 अंक नीचे 25,167.65 के स्तर पर ओपन हुआ। हालांकि, कुछ ही मिनटों में बाजार संभल गया और 9:20 बजे सेंसेक्स 133 अंक की बढ़त लेकर 82,305 पर पहुंच गया। निफ्टी भी 40 अंकों की तेजी के साथ 25,222 के स्तर पर ट्रेड कर रहा था।
आज के टॉप गेनर्स और लूजर्स
सेंसेक्स पर टॉप गेनर्स:पावर ग्रिड, एचडीएफसी बैंक, आईटीसी, ट्रेंट, एनटीपीसी और इनफोसिस के शेयरों में बढ़त रही।
सेंसेक्स पर टॉप लूजर्स: टाटा स्टील, टीसीएस, बजाज फाइनेंस और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में गिरावट देखी गई।
गुरुवार को रहा था बाजार का उत्साह
गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार मजबूती के साथ बंद हुआ था। सेंसेक्स 398 अंक चढ़कर 82,172 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 135 अंकों की तेजी के साथ 25,181 पर पहुंच गया था। आईटी और फार्मा सेक्टर के शेयरों में उस दिन सबसे ज्यादा तेजी देखी गई थी। निफ्टी आईटी, निफ्टी ऑटो और निफ्टी एफएमसीजी इंडेक्स हरे निशान पर बंद हुए थे। जियोजीत इन्वेस्टमेंट लिमिटेड के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट डॉ. वी.के. विजयकुमार के मुताबिक बाजार का मूड फिलहाल सकारात्मक है। गाजा संघर्ष में सीजफायर और वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव में कमी से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। साथ ही भारत और अमेरिका के बीच संभावित व्यापार समझौते के संकेत बाजार के लिए अच्छा संकेत हैं। उन्होंने आगे कहा कि FII की रणनीति में बदलाव और TCS के मजबूत तिमाही नतीजों ने बाजार की धारणा को और मजबूत किया है। हालांकि, उन्होंने यह भी चेताया कि वर्तमान वैल्यूएशन अन्य देशों की तुलना में अभी भी ऊंचा है, इसलिए आगे कुछ मुनाफावसूली देखने को मिल सकती है।





