नई दिल्ली, रफ्तार। भारतीय शेयर बाजार में आज भी तेजी है। मजबूत वैश्विक संकेतों के बीच आज सुबह सेंसेक्स 200 अंकों से ज्यादा ऊपर चढ़कर नए रिकॉर्ड लेवल पर खुला। सुबह 9.20 बजे बीएसई सेंसेक्स 225 अंकों की बढ़त लेकर 80210 के पार निकला था। निफ्टी लगभग 65 अंकों के फायदे में 24350 के पास कारोबार कर रहा था। बीएसई सेंसेक्स प्री-ओपन सेशन में 335 अंक चढ़कर 80320 के पार रहा। निफ्टी 85 अंकों की बढ़त लेकर 24370 लेवल के पास था। बाजार खुलने से पहले गिफ्ट सिटी में निफ्टी का फ्यूचर 95 अंक चढ़कर 24460 के पास था। गिफ्ट निफ्टी की तेजी से बाजार की अच्छी शुरुआत के संकेत मिले थे।
बुधवार को बना था इतिहास
घरेलू बाजार ने बुधवार को नया इतिहास बनाया था। बीएसई सेंसेक्स पहली बार 80 हजार के पार पहुंचा था। सेंसेक्स ने 80074.30 का नया लेवल बनाया। वैसे, कारोबार समाप्त होने के बाद सेंसेक्स 80 हजार के नीचे आया। 545.34 अंक (0.69 फीसदी) की बढ़त लेकर 79986.80 पर बंद हुआ था। निफ्टी ने 24309.15 का नया लेवल छूने के बाद 162.65 अंकों के फायदे के साथ 24286.50 पर कारोबार समाप्त किया। उससे पहले मंगलवार को घरेलू बाजार में हल्की गिरावट थी।
वैश्विक बाजारों से सपोर्ट
वैश्विक बाजार में भी तेजी है। उससे भारतीय बाजार को सपोर्ट मिल रहा है। अमेरिका में आर्थिक स्थितियां बेहतर होने से फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद है। इससे बाजार सुधरा हुआ है। बुधवार को वॉल स्ट्रीट पर डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज में 0.06%, एसएंडपी 500 में 0.51% और नास्डैक में 0.88% की तेजी रही। आज एशियाई बाजार भी मजबूत हैं। शुरुआती कारोबार में जापान का निक्की 0.55% चढ़ा है। टॉपिक्स 0.56% ऊपर, दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.98% और कोस्डैक 0.75% के फायदे में है। हांगकांग का हैंगसेंग ने भी अच्छी शुरुआत के संकेत दिए हैं।
बैंकिंग और टेक स्टॉक मजबूत
आज बैंकिंग, फाइनेंस और टेक शेयरों में तेजी है। सेंसेक्स पर आईसीआईसीआई बैंक सबसे अधिक 1.5% के फायदे में था। बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व कोटक महिंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक आदि तेजी है। टीसीएस, इंफोसिस, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा जैसे शेयरों ने भी अच्छी शुरुआत की है। एचडीएफसी बैंक सबसे अधिक घाटे में था। हिंदुस्तान यूनिलीवर, नेस्ले इंडिया, आईटीसी शेयर पर दबाव में थे।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




