नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। अगले महीने की पहली तारीख 1 मई 2025 से कई बड़े नियम बदलने वाले हैं। ये नियम बैंक अकाउंट, ATM ट्रांजेक्शन, रेलवे और रसोई गैस की कीमतों से जुड़े हुए हैं। इन बदलावों के चलते अब आम लोगों को अपनी जेब से ज्यादा खर्च करना पड़ेगा।
इन नए नियमों के बारे में जान लें
1 मई 2025 से आपके बैंक अकाउंट, ATM ट्रांजेक्शन, रसोई गैस की कीमतों में बदलाव होने जा रहे हैं। इन बदलावों के चलते आपको अपने ट्रांजेक्शन और सर्विस को लेकर कुछ नियम फॉलो करने होंगे। इन बदलावों का सीधा असर आम आदमी की जेब और रोजमर्रा की सुविधाओं पर पड़ने वाला है। ऐसे में जरूरी है कि आप पहले से इन नए नियमों के बारे में जान लें, ताकि आगे परेशानी न हो।
ATM से कैश निकालना महंगा
1 मई से एटीएम से कैश निकालने पर फ्री लिमिट खत्म होने के बाद ज्यादा पैसा देना पड़ेगा। लिमिट पार होने पर प्रत्येक अतिरिक्त ट्रांजेक्शन पर 19 रुपये देने होंगे, जबकि अभी 17 रुपये ही कटते हैं। इसके अलावा खाते का बैलेंस चेक करने पर भी 6 रुपये की जगह 7 रुपये देने होंगे। ऐसे में यदि आप बार-बार एटीएम यूज करते हैं तो ये महंगा पड़ सकता है।
रेलवे टिकट बुकिंग के नियम भी बदलेंगे
रेलवे ने टिकट बुकिंग के नियम भी बदलेंगे। 1 मई से स्लीपर और एसी कोच में वेटिंग टिकट पर यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी। सिर्फ जनरल कोच में ही आप वेटिंग टिकट पर चढ़ सकते हैं। साथ ही एडवांस टिकट बुकिंग की अवधि भी 120 दिन से घटाकर 60 दिन कर दी गई है। किराए और रिफंड चार्ज भी बढ़ सकते हैं, जिससे आपकी रेलवे यात्रा महंगी हो जाएगी।
RRB योजना होगी लागू
देश के 11 राज्यों में एक राज्य, एक आरआरबी योजना को लागू किया जा रहा है। ऐसे में हर राज्य में सभी क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को मिलाकर एक बड़ा बैंक बनाया जाएगा। इससे बैंकिंग सेवाएं बेहतर होंगी और ग्राहकों को ज्यादा सुविधा मिलेगी। ये बदलाव आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा और राजस्थान में लागू होगा।
बढ सकती हैं गैस की कीमतें
हर महीने की पहली तारीख को गैस सिलेंडर की कीमतें तय की जाती हैं, ऐसे में 1 मई को भी एलपीजी की कीमते ज्यादा या कम हो सकती हैं। यदि कीमत बढ़ी तो रसोई का बजट बिगड़ सकता है। हालांकि, सरकार ने अप्रैल में सभी गैस सिलेंडरों पर 50 रुपये की बढोतरी की है।
ब्याज दरों में होगा बदलाव
फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) और सेविंग अकाउंट की ब्याज दरों में अभी और बदलाव आ सकता है। RBI के दो बार रेपो रेट घटाने के बाद ज्यादातर बैंकों ने सेविंग अकाउंट और एफडी पर ब्याज दरों को घटा दिया है।





