नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। देश में एक तरफ शादियों का सीजन चल रहा है और दूसरी ओर सोने की कीमतें आसमान छू रही है। ग्लोबल बाजार में बढ़ती मांग के कारण सोमवार को सोने की वायदा कीमतों में भारी उछाल आया है। सोना की कीमत 1500 रुपये बढ़कर 96,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गई है।
नई ऊंचाई छूने के बाद मामूली गिरावट
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर जून डिलीवरी वाला सोना लगातार तीसरे कारोबारी दिन मजबूती के साथ कारोबार करता दिखा। सोमवार सुबह हफ्ते के शुरुआती कारोबार में ही सोना 1,493 रुपये यानी 1.57 फीसदी चढ़कर 96,747 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए शिखर पर पहुंच गया है। हालांकि, कुछ ही समय बाद मुनाफावसूली के चलते इसमें थोड़ी नरमी आई और यह 1,346 रुपये फिसलकर 96,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।
अमेरिका-चीन में व्यपारिक तनाव के चलते रेट में उथल पुथल
कमोडिटी एक्सचेंज MCX पर अगस्त डिलीवरी वाले सोने के अनुबंधों में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई। यह 1,464 रुपये यानी 1.53% उछलकर 97,360 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिका और चीन के बीच जारी व्यापारिक तनाव ने वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता को बढ़ा दिया है। इसी कारण निवेशक जोखिम भरे विकल्पों से दूरी बनाकर सोने जैसे सुरक्षित निवेश साधनों की ओर रुख कर रहे हैं।
वैश्विक बाजार में भी सोने की कीमतों ने बनाया नया रिकॉर्ड
बाजार विश्लेषकों का मानना है कि जब तक अमेरिका और चीन के बीच व्यापारिक तनाव का कोई ठोस समाधान नहीं निकलता, तब तक सोने की कीमतों में तेजी बनी रह सकती है। वैश्विक बाजार में भी सोने के वायदा दाम उछलकर 3,400.86 डॉलर प्रति औंस के नए शिखर पर पहुंच गए हैं। अमेरिकी डॉलर में कमजोरी और अंतरराष्ट्रीय व्यापार को लेकर बढ़ती अनिश्चितता के चलते निवेशकों ने सुरक्षित विकल्प के रूप में सोने की खरीदारी तेज कर दी है, जिससे कीमतें ऐतिहासिक ऊंचाई पर पहुंच गई हैं।
चांदी की कीमतों में भी जबरदस्त उछाल
कमोडिटी बाजार में चांदी की चमक भी बढ़ती दिखी। मई डिलीवरी के लिए MCX पर चांदी की वायदा कीमत 619 रुपये की बढ़त के साथ 95,656 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चांदी में मजबूती दर्ज की गई, जहां यह 0.72% चढ़कर 32.79 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही है। वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक तनाव और टैरिफ वॉर के चलते निवेशकों का रुख सुरक्षित विकल्पों की ओर बढ़ रहा है, जिससे सोने और चांदी दोनों की कीमतों में लगातार तेजी देखी जा रही है।





