नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। आधार कार्ड भारत में इस्तेमाल होने वाला सबसे काॅमन पहचान पत्र है। देश की तकरीबन 90 फ़ीसदी से ज्यादा आबादी के पास आधार कार्ड है। इसे स्कूल-कॉलेज में एडमिशन लेने से लेकर सरकारी योजनाओं के लाभ लेने तक में पहचान पत्र के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में हर व्यक्ति अपनी जेब या पर्स में आधार कार्ड जरूर लेकर घूमता है।
QR कोड से चल जाएगा काम
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने हाल ही में आधार कार्ड का नया ऐप लॉन्च किया है, जो कि अभी टेस्टिंग पीरियड में है। यह टेस्टिंग यदि सफल होती है तो जल्द ही आपको आधार कार्ड की फोटो कॉपी या फिजिकल कार्ड लेकर चलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मोदी सरकार की इस नई पहल के तहत, अब आधार की पहचान QR कोड और फेस ID के जरिए तुरंत की जा सकेगी।
भारत सरकार की ओर से नया आधार ऐप लॅान्च कर दिया गया है, जिसके जरिए आप क्यूआर कोड की मदद से ही अपनी पहचान साबित कर पाएंगे। इसके लिए आपको अपने मोबाइल फोन में यह ऐप ओपन करके क्यूआर कोड स्कैन करना होगा और आपकी जानकारी संबंधित विभाग संबंधित काम के लिए शेयर हो जाएगी। इससे आप आधार कार्ड की काॅपी जमा करने के झंझट से बच जाएंगे। यह ऐप पूरी तरह से सुरक्षित है, क्योंकि इसमें आपकी पहचान सिर्फ आपके मोबाइल से ही साझा की जाएगी। इससे आपका व्यक्तिगत डेटा पूरी तरह से आपकी अनुमति पर निर्भर करेगा।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी ये जानकारी
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर कर इस नए ऐप की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि अब ना तो आपको अपने साथ आधार रखने की जरूरत होगी और ना ही आधार कार्ड की फोटो कॉपी। इस ऐप के जरिए आधार वेरीफिकेशन बहुत तेज और सुरक्षित हो जाएगा। ऐप में फेस आईडी ऑथेंटिकेशन के विकल्प से आप अपनी पहचान साबित कर पाएंगे।





