
नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। घरेलू शेयर बाजार की आज अच्छी शुरुआत रही। वैश्विक बाजारों में लौटी तेजी के कारण घरेलू बाजार की धारणा में सुधार हुआ है। ब्याज दरों में बढ़ोतरी नहीं होने के संकेत से भी बाजार को सपोर्ट मिले हैं। इससे लग रहा कि आज बाजार की गिरावट थम सकती है।
गुरुवार को कारोबार शुरू होते सेंसेक्स 350 अंक चढ़ा। सुबह 9:20 बजे बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 350 अंक से ज्यादा मजबूत होकर 65580 अंक के पास कारोबार कर रहा था। एनएसई का निफ्टी 110 अंक चढ़कर 19550 अंक पर पहुंचा था। बाजार ओपनिंग से पहले प्री-ओपन सेशन में सेंसेक्स में 375 अंकों की तेजी दिखी थी। निफ्टी 85 अंक मजबूत था। गिफ्टी सिटी में निफ्टी का वायदा हल्की तेजी में था। इससे संकेत मिल रहा था कि गुरुवार को लगातार दो दिनों की गिरावट से बाजार को राहत मिलेगी।
बुधवार को बाजार लगातार दूसरे दिन नुकसान में रहा था। कुल मिलाकर सप्ताह ठीक नहीं रहा। पहले दिन बाजार में 2 अक्टूबर की छुट्टी थी। कारोबार नहीं हुआ। मंगलवार और बुधवार को बाजार में गिरावट आई। बुधवार को सेंसेक्स 65250 अंक से भी नीचे गिरा था। निफ्टी 19530 अंक से कुछ नीचे बंद हुआ था।
आज के कारोबार में बड़े शेयरों ने अच्छी शुरुआत की। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 26 शेयर ग्रीन जोन में खुले। शुरुआती सेशन में टाटा मोटर्स और टाइटन 1-1 प्रतिशत से ज्यादा मजबूत थे। एलएंडटी, इंफोसिस, आईसीआईसीआई बैंक जैसे शेयर भी बढ़ते में थे। वहीं, पावरग्रिड कॉरपोरेशन, नेस्ले इंडिया, एक्सिस बैंक और भारती एयरटेल के शेयर लुढ़के थे।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:-www.raftaar.in