नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। भारतीय शेयर बाजार में अक्टूबर महीने में IPO का महासंग्राम देखने को मिलेगा। टाटा कैपिटल, एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स समेत कई दिग्गज कंपनियों के पब्लिक इश्यू लाइन में हैं, जिनके जरिए बाजार से 35,000करोड़ रुपये से अधिक जुटाने की तैयारी है। माना जा रहा है कि यह अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ सीजन साबित हो सकता है। सूत्रों के अनुसार, अक्टूबर में करीब 5 अरब डॉलर (41,000 करोड़ के करीब) की फंडिंग का अनुमान है, जो भारतीय इक्विटी मार्केट के इतिहास में एक नया कीर्तिमान रच सकता है। इन इश्यूज़ में घरेलू निवेशकों की भागीदारी सबसे मजबूत रहने की संभावना है, जबकि विदेशी निवेशकों की रुचि फिलहाल सीमित है।
टाटा और एलजी से खुलेगी अक्टूबर की शुरुआत
टाटा और एलजी के मेगा इश्यू से खुलेगी अक्टूबर की शुरुआत
टाटा कैपिटल 6 अक्टूबर को करीब ₹15,500 करोड़ का आईपीओ लॉन्च करेगी। एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया यूनिट भी उसी सप्ताह ₹11,500 करोड़ जुटाने की तैयारी में है। वहीं वीवर्क इंडिया 3 अक्टूबर को ₹3,300 करोड़ का इश्यू लेकर आएगी। इसके अलावा, पाइन लैब्स और केनरा HSBC लाइफ इंश्योरेंस भी इसी महीने बड़े इश्यू लॉन्च करने की योजना में हैं।
2024 के रिकॉर्ड की बराबरी की ओर बढ़ता बाज़ार
गौरतलब है कि वर्ष 2021 में भारतीय आईपीओ बाजार ने रिकॉर्ड 21 अरब (1.75 लाख रुपये करोड़ से अधिक) जुटाए थे। 2025 में यह आंकड़ा फिर से उसी स्तर तक पहुंचने की ओर अग्रसर है।
ब्लूमबर्ग के आंकड़ों के अनुसार, भारतीय कंपनियों ने जनवरी से सितंबर तक 11.2 अरब (93,000 रुपये करोड़ के करीब) जुटा लिए हैं। गोल्डमैन सैक्स के अनुसार, साल के आखिरी तीन महीनों में और $8-10 अरब के इश्यू संभव हैं।
घरेलू निवेशक बना रहे हैं IPO को मजबूत
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के एमडी धीरज रेली का कहना है कि, घरेलू निवेशकों की मजबूत भागीदारी ने भारतीय बाजार को इतने बड़े स्तर पर फंड जुटाने के लिए तैयार किया है। वहीं HSBC इंडिया के इन्वेस्टमेंट बैंकिंग को-हेड रणवीर दावड़ा ने कहा कि भारत में डिमांड-बेस्ड मार्केट होने के कारण क्वालिटी इश्यूज़ को लेकर निवेशकों का रुझान मजबूत बना रहेगा।
FII की भागीदारी घटी, लेकिन बाजार में जोश बरकरार
हालांकि विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) अभी सतर्क हैं। 2024 में उनका निवेश 1.2 लाख करोड़ रुपए था, जो अब घटकर 43,000 करोड़ के करीब रह गया है। इसके बावजूद, घरेलू म्यूचुअल फंड्स और रिटेल निवेशकों ने बाजार में जोश कायम रखा है।
अक्टूबर में भारत का IPO बाजार नई ऊंचाइयों को छूने के लिए तैयार है। बड़ी कंपनियों के पब्लिक इश्यू न सिर्फ निवेशकों को अच्छे मौके दे रहे हैं, बल्कि इससे भारतीय अर्थव्यवस्था में बढ़ते विश्वास की भी झलक मिलती है। घरेलू निवेशकों की भागीदारी और मजबूत ग्रोथ स्टोरी की बदौलत, भारत वैश्विक IPO मार्केट में एक बड़ी ताकत बनकर उभर रहा है।





