नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। छह दिन की जगह हफ्ते में पांच दिन काम करने की व्यवस्था लागू होने पर दुखी होने वाले और हफ्ते में 70 घंटे काम करने की वकालत करने वाले नारायण मूर्ति की कंपनी Infosys ने आखिरकार अपने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ा दी है। कंपनी ने 6 से 8 प्रतिशत सैलरी हाइक का ऐलान किया है। इससे पहले खबर आई थी कंपनी के अप्रेज़ल में देरी है।
जनवरी, 2025 से लागू होगा अप्रेज़ल
इंफोसिस की तरफ से कहा गया है कि ये अप्रेज़ल जनवरी, 2025 से ही मान्य हो जाएंगे। कंपनी ने भारतीय कर्मचारियों के लिए 6 से 8 प्रतिशत का सैलरी हाइक अनाउंस किया है। वहीं भारत से बाहर काम करने वाले कर्मचारियों को इससे भी कम हाइक मिलने की बात कही गई है।
news18 के मुताबिक, कंपनी के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर जयेश संघराजका ने कहा, ‘हमें उम्मीद है कि भारत में 6-8 प्रतिशत इन्क्रीमेंट दिया जाएगा।’
अप्रेज़ल में हुई थी देरी
इससे पहले खबर आई थी कि इंफोसिस में सैलरी हाइक में देरी चल रही है। आखिरी अप्रेज़ल कंपनी ने नवंबर, 2023 में किया था। कहा गया था कि वैश्विक स्तर पर आर्थिक अनिश्चितताओं की वजह से यह देरी हुई है। बता दें कि इंफोसिस में करीब साढ़े तीन लाख कर्मचारी काम करते हैं।
पूर्व कर्मचारी ने लगाया था कम सैलरी का आरोप
हाल ही में Infosys के एक पूर्व कर्मचारी का पोस्ट वायरल हुआ था। इस कर्मचारी ने कहा था कि 9 साल जी-तोड़ मेहनत के बाद भी उसकी सैलरी में कोई खास बढ़ोतरी नहीं हुई। इस वजह से उसने नौकरी छोड़ने का फैसला किया था। इसके जवाब में CEO सलिल पारेख ने कहा था कि कंपनी यह सुनिश्चित करती है कि सभी कर्मचारियों के साथ उचित व्यवहार हो। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया था कि कंपनी यह सुनिश्चित करने की पूरी कोशिश करती है कि सभी को समान अवसर मिले।





