नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । भारत में हर दिन करोड़ों लोग ट्रेन से सफर करते हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे हजारों ट्रेनों का संचालन करता है और टिकट बुकिंग की जिम्मेदारी IRCTC की वेबसाइट और मोबाइल ऐप के माध्यम से निभाई जाती है। कुछ यात्री रेलवे काउंटर से टिकट खरीदते हैं, जबकि बड़ी संख्या में लोग अब ऑनलाइन टिकट बुक करना पसंद करते हैं। अब रेलवे ने ऑनलाइन ट्रेन टिकट बुकिंग का तरीका बदला है।
दरअसल, हाल के वर्षों में ऑनलाइन टिकट बुकिंग की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, इसके साथ ही टिकट बुकिंग में फर्जीवाड़े और धांधली की घटनाएं भी सामने आई हैं। इन्हीं सब को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने अब ऑनलाइन टिकट बुकिंग की प्रक्रिया में कुछ बदलाव करने का निर्णय लिया है। रेलवे की ओर से नए नियमों को लागू करने का ऐलान कर दिया गया है। यह बदलाव कब से लागू होगा और इसमें यात्रियों के लिए क्या कुछ नया होगा, यह जानना हर ट्रेन यात्री के लिए बेहद जरूरी है।
जानें क्या है नया नियम ?
भारतीय रेलवे ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग को लेकर नया नियम लागू किया है। हर रोज IRCTC के जरिए टिकट बुक करने वाले यात्रियों को इस पर ध्यान देने की जरूरत है। बता दें कि इससे पहले जुलाई में तत्काल टिकट बुकिंग के लिए आधार ऑथेंटिकेशन अनिवार्य किया गया था। अब रेलवे ने इसे एक कदम और आगे बढ़ाते हुए एक नई व्यवस्था शुरू करने का फैसला लिया है। नए नियम के मुताबिक, सुबह 8 बजे से लेकर 8:15 बजे तक सिर्फ वही यात्री टिकट बुक कर पाएंगे, जिनका आधार ऑथेंटिकेशन पूरा है। यह नियम IRCTC की वेबसाइट और मोबाइल ऐप, दोनों प्लेटफॉर्म पर लागू होगा। इस 15 मिनट के विशेष स्लॉट में केवल वे अकाउंट्स सक्रिय रहेंगे जो आधार से लिंक और वेरिफाइड हैं। जिन यूजर्स ने अभी तक अपने IRCTC अकाउंट को आधार से लिंक नहीं किया है, उन्हें इस अवधि में टिकट बुक करने की अनुमति नहीं मिलेगी।
नया नियम कब से होगा लागू ?
आखिर यह नया नियम कब से लागू होगा? तो आपको बता दें कि फिलहाल यह नियम लागू नहीं किया गया है। फिलहाल यात्रियों को पहले की ही तरह टिकट बुक करने की सुविधा है। बिना किसी समय सीमा या आधार लिंकिंग की बाध्यता नहीं है। हालांकि, 1 अक्टूबर 2025 से यह नया सिस्टम आधिकारिक रूप से लागू होगा। इसके बाद सुबह 8:00 से 8:15 बजे तक केवल आधार ऑथेंटिकेशन वाले IRCTC यूजर्स ही टिकट बुक कर सकेंगे। ऐसे में अगर कोई यात्री टिकट बुक करता है या तत्काल बुकिंग करता है, तो उसे अपने IRCTC अकाउंट को आधार से लिंक करना होगा।





