नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। शेयर मार्केट के उतार-चढ़ाव को देखते हुए अब यहां निवेश करना लोगों को जोखिम भरा लगने लगा है, ऐसे में निवेशक बिना रिस्क वाला निवेश चाहते हैं। यदि आप भी एफडी से ज्यादा रिटर्न पाना चाहते हैं, तो पोस्ट ऑफिस स्मॉल सेविंग स्कीम्स में अपना पैसा इन्वेस्ट कर सकते हैं।
स्मॉल सेविंग स्कीम्स के बारे में जानें
पोस्ट ऑफिस की कुछ स्कीम्स आपको बैंकों में भी उपलब्ध हैं। स्मॉल सेविंग स्कीम्स सरकार द्वारा समर्थित होती हैं जिनमें सरकार द्वारा ही हर तीन महीने में इन स्कीम्स की ब्याज दरें तय की जाती हैं। चलिए आपको बताते हुए कुछ स्मॉल सेविंग स्कीम्स के बारे में।
पब्लिक प्रोविडेंट फंड
पीपीएफ यानी पब्लिक प्रोविडेंट फंड सरकारी इन्वेस्टमेंट स्कीम है। इस स्कीम पर फिलहाल 7.1 प्रतिशत का ब्याज मिल रहा है। पीपीएफ में एक वित्त वर्ष में कम से कम 500 रुपये और अधिक से अधिक 1,50,000 रुपये जमा कर सकते हैं। यह स्कीम 15 साल में मैच्यॉर होती है, लेकिन इसे 5-5 साल बढ़ाकर अधिकतम 50 साल तक चलाया जा सकता है।
पोस्ट ऑफिस टीडी
पोस्ट ऑफिस केंद्र सरकार के अधीनस्थ है, इसमें बैंक एफडी की तरह ही टीडी (टाइम डिपॉजिट) स्कीम चलाई जाती है। पोस्ट ऑफिस में 1 साल से लेकर 5 साल तक की टीडी कराने का विकल्प भी मिल जाता है। टीडी पर 6.9 परसेंट से लेकर 7.5 परसेंट तक का ब्याज मिल रहा है।
सुकन्या समृद्धि योजना
10 साल से कम उम्र की लड़कियों के लिए खोले जाने वाले इस खाते पर अभी 8.2 प्रतिशत का ब्याज मिल रहा है। इस स्कीम में एक वित्त वर्ष में कम से कम 250 रुपये और अधिक से अधिक 1,50,000 रुपये जमा किए जा सकते हैं। यह स्कीम 21 साल में पूरी होती है। यदि बिटिया 18 साल की हो गई है और आप उसकी शादी करना चाहते हैं तो पैसा निकालने के लिए इस खाते को बंद भी कराया जा सकता है।
किसान विकास पत्र
किसान विकास पत्र (केवीपी) स्कीम के तहत फिलहाल 7.5 परसेंट ब्याज उपलब्ध है। इस स्कीम में कम से कम 1 हजार रुपये से खाता खोला जा सकता है। अधिकतम निवेश की इसमें कोई निश्चित सीमा नहीं है। केवीपी के तहत निवेश की गई रकम 115 महीने यानि 9 साल और 7 महीने में सीधे दोगुनी हो जाती है।





