नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। अक्सर घरों में बड़े-बुजुर्ग ऐसी छोटी-छोटी आदतों को लाइफ स्टाइल में शामिल करने की हिदायत देते हैं जिनसे थोड़े-थोड़े पैसे बचाए जा सकें। ये छोटी-छोटी सेविंग्स जुड़कर लॉन्ग रन में बड़ी बचत बनती हैं। आज के समय में म्यूचुअल फंड SIP पैसे बचाने के साथ-साथ पैसे बनाने में भी मदद करते हैं। अगर आप छोटी-छोटी सेविंग से बड़ा बैलेंस बनाना चाहते हैं तो ये एक बेहतरीन ऑप्शन हैं।
अगर सही उम्र में SIP शुरू की जाए तो 1000 रुपये की SIP भी रिटायरमेंट से पहले आपको करोड़पति बना सकती है। अब ये सही उम्र क्या है? इसके लिए एक सिंपल सा फॉर्मूला है- Sooner the Better यानी जितनी जल्दी शुरू करें उतना अच्छा। क्योंकि जितनी जल्दी आप SIP शुरू करेंगे आपको उतने कम पैसे SIP में डालने होंगे।
उदाहरण के लिए-
भारत में रिटायरमेंट की औसत उम्र 60 साल है। अगर आप रिटायरमेंट तक एक करोड़ का फंड जमा करना चाहते हैं और इसके लिए SIP शुरू करते हैं तो 20 की उम्र में आपको महीने के केवल 1000 रुपये जमा करने होंगे, 25 की उम्र में 2000 रुपये, 30 की उम्र में 3000 और 35 की उम्र में 6000 रुपये की मंथली SIP आपको शुरू करनी होगी।
कैसे काम करता है SIP का गणित
ये समझने के लिए हम गए Grow Calculator के पास। इस कैल्कुलेटर से ये आइडिया मिलता है कि महीने का कितना SIP में डालने पर कितने साल में कितना पैसा जमा कर सकते हैं। इसमें हमने साल के 12 प्रतिशत इंटरेस्ट के आधार पर कैल्कुलेट किया। जैसे अगर आप 20 साल के हैं, महीने का एक हजार रुपये SIP में लगाते हैं तो रिटायरमेंट की उम्र यानी 60 की उम्र आते तक आप 4 लाख 80 हजार रुपये SIP में इनवेस्ट करेंगे। इस पर आपको लगभग एक करोड़ 14 लाख रुपये का रिटर्न मिलेगा। यानी आपका टोटल फंड एक करोड़ 18 लाख रुपये का बन जाएगा।
वहीं अगर आप 30 साल के हैं और महीने के 4000 रुपये SIP में लगाते हैं। तो 60 साल के होने तक यानी 30 साल में आपका टोटल इनवेस्टमेंट 14 लाख 40 हजार रुपये का होगा। इस पर आपको करीब सवा करोड़ का रिटर्न मिलेगा। आपका फंड साइज़ एक करोड़ 41 लाख रुपये का होगा। इसमें देखने वाली बात ये है कि जिस व्यक्ति ने 20 की उम्र में SIP शुरू किया उसे केवल 4 लाख 80 हजार इनवेस्ट करने पड़े, जबकि 30 की उम्र में SIP शुरू करने पर 14 लाख 40 हजार इनवेस्ट करने पड़े। जबकि रिटायरमेंट के वक्त के दोनों को मिलने वाले रिटर्न में ज्यादा बड़ा अंतर नहीं है।
ऐसा इसलिए है कि SIP में लॉन्ग टर्म कम्पाउंडिंग का फायदा मिलता है। तो हमारा सुझाव तो यही है कि अगर आप अपनी कमाई से और ज्यादा पैसे बनाना चाहते हैं तो आप नौकरी लगते ही SIP में इनवेस्ट करना शुरू करें। लेकिन ध्यान रहे, म्यूचुअल फंड्स में निवेश बाज़ार जोखिमों के अधीन है। निवेश करने से पहले एक्सपर्ट की सलाह ज़रूर लें।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें- Raftaar | रफ्तार – Hindi News, हिन्दी समाचार, न्यूज़ इन हिंदी, ताजा खबरें, लेटेस्ट न्यूज़, हिंदी समाचार, आज का राशिफल, आज का मंडी भाव





