नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । देश के आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए और लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए केंद्र की मोदी सरकार कई शानदार योजनाओं का संचालन कर रही है। देश के किसानों, महिलाओं और युवाओं को व्यवसाय की दिशा में प्रोत्साहित करने के लिए सरकार की ओर से कई ऐसी योजनाओं को चलाया जा रहा है। जिसके तहत उन्हें बेहद कम ब्याज दरों पर लोन दिया जाता था है।
प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PMMY)
ऐसी ही केंद्र सरकार की एक योजना प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PMMY) है। केंद्र ने पीएम मोदी के नेतृत्व में इस योजना की शुरुआत साल 2015 में की थी। योजना का मुख्य उद्देश्य गैर-कृषि, सूक्ष्म और लघु उद्यमों को 20 लाख रुपये तक का ऋण आसानी से और जमानत-मुक्त प्रदान करना है, ताकि वे विनिर्माण, व्यापार और सेवा क्षेत्र में विकास कर सकें।
बताते चलें कि, इस योजना के तहत केंद्र सरकार ने पिछले साल अक्टूबर में लोन की लिमिट को 10 लाख रुपये से बढ़ाकर सीधे 20 लाख रुपये कर दिया था। सरकार ने मुद्रा योजना के उद्देश्य को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से लोन की लिमिट में बड़ा इजाफा किया था।
PMMY में 4 अलग-अलग कैटेगरी के तहत मिलता है लोन
PMMY योजना के तहत बैंक 4 अलग-अलग कैटेगरी जैसे- शिशु, किशोर, तरुण और तरुण+ में लोन मुहैया कराते हैं। शिशु कैटेगरी में 50,000 रुपये तक का लोन दिया जाता है, किशोर कैटेगरी में 50,000 रुपये से 5,00,000 रुपये तक का लोन दिया जाता है।
तरुण कैटेगरी में 5 लाख रुपये से 10 लाख रुपये तक का लोन दिया जाता है। तरुण प्लस कैटेगरी में 10 लाख रुपये से 20 लाख रुपये तक का लोन दिया जाता है। यहां आप इस बात का ध्यान रखें कि तरुण प्लस के तहत सिर्फ उन्हीं ऑन्त्रेप्रेन्यॉर्स (Entrepreneurs) को लोन दिया जाता है, जिन्होंने पहले तरुण कैटेगरी के तहत लोन लिया था और समय पर उसका भुगतान किया था।
कब चुका सकते लोन, ब्याज कितना लगेगा
मिली जानकारी के अनुसार, PMMY योजना के तहत 5 लाख रुपये तक के लोन को चुकाने के लिए 5 साल का समय मिलता है, जिसमें अधिकतम 6 महीने की मोरेटोरियम (Moratorium) अवधि शामिल है। जबकि 5 लाख रुपये से लेकर 20 लाख रुपये तक का लोन चुकाने के लिए 7 साल का समय मिलता है, जिसमें अधिकतम 12 महीने की मोरेटोरियम अवधि शामिल है।
SBI के मुताबिक, इस योजना के तहत दिए गए लोन के लिए EBLR के साथ 3.25 प्रतिशत का अतिरिक्त ब्याज चुकाना होता है। मुद्रा योजना से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए आप अपने नजदीकी बैंक शाखा से संपर्क कर सकते है।




