नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । बढ़ती महंगाई और भविष्य की अनिश्चितताओं के बीच सेविंग्स और रिटायरमेंट प्लानिंग अब हर व्यक्ति की प्राथमिकता बन चुकी है। ऐसे में लोगों के बीच यह सवाल आम हो गया है कि EPF और PPF में से कौन-सी योजना बेहतर है और किसमें निवेश से अधिक लाभ मिल सकता है।
अगर आप भी अपनी मेहनत की कमाई को सुरक्षित और लाभदायक तरीके से निवेश करना चाहते हैं, तो यह जानकारी आपके लिए बेहद अहम है। EPF और PPF जैसे विकल्प न सिर्फ भरोसेमंद हैं, बल्कि ये लंबी अवधि में बेहतर रिटर्न और टैक्स छूट भी प्रदान करते हैं।
EPF क्या है?
EPF, यानी कर्मचारी भविष्य निधि, एक अनिवार्य बचत योजना है जो उन कंपनियों में लागू होती है जहां 20 या उससे अधिक कर्मचारी कार्यरत हों। इस योजना के तहत कर्मचारी और नियोक्ता दोनों हर महीने कर्मचारी की सैलरी का 12% EPF खाते में जमा करते हैं, जिससे रिटायरमेंट के लिए सुरक्षित फंड तैयार होता है।
उदाहरण के तौर पर, अगर आपकी बेसिक सैलरी और महंगाई भत्ता मिलाकर 50,000 रुपये है, तो हर महीने 6,000 रुपये (3,000 रुपये कर्मचारी का हिस्सा + 3,000 रुपये नियोक्ता का हिस्सा) EPF में जमा किए जाएंगे। यह राशि नियमित ब्याज के साथ लगातार बढ़ती रहती है और रिटायरमेंट पर एकमुश्त बड़ी रकम के रूप में मिलती है।
PPF क्या है?
PPF, यानी सार्वजनिक भविष्य निधि, सरकार द्वारा चलाई जाने वाली एक सुरक्षित और लंबी अवधि की बचत योजना है। इसमें सालाना 500 रुपये से 1.5 लाख रुपये तक निवेश किया जा सकता है। 15 साल की अवधि पूरी होने पर जमा राशि और उस पर मिलने वाला ब्याज टैक्स-फ्री रूप में वापस मिलता है। आयकर की धारा 80C के तहत टैक्स छूट भी मिलती है। PPF खाता खोलना आजकल आसान है और अधिकांश बड़े बैंक यह सुविधा ऑनलाइन प्रदान करते हैं।
EPF और PPF में क्या अंतर है?
EPF में निवेश सैलरीड कर्मचारियों के लिए अनिवार्य है, जबकि PPF पूरी तरह वैकल्पिक है। EPF में सैलरी के आधार पर हर महीने तय राशि जमा होती है, जो रिटायरमेंट पर बड़ा फंड बनाती है। दूसरी ओर, PPF में आप अपनी क्षमता अनुसार निवेश कर सकते हैं और टैक्स में छूट का लाभ भी उठा सकते हैं। अगर आप चाहते हैं कि रिटायरमेंट तक आपकी बचत बढ़ती रहे और टैक्स बोझ भी कम हो, तो EPF के साथ-साथ PPF में एक्स्ट्रा निवेश करना समझदारी भरा कदम हो सकता है।
Disclaimer: यह खबर सिर्फ जानकारी के लिए है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें।





