
नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। वाघ बकरी चाय समूह के मालिक पराग देसाई की मौत हो गई है। 15 अक्टूबर को उनके आवास के बाहर आवारा कुत्तों ने हमला किया था, जिसके बाद वह अस्पताल में भर्ती थे। महज 49 की उम्र में उनका निधन हो गया। पराग शेल्बी अस्पताल में भर्ती हुए थे। फिर उनको सर्जिकल प्रक्रिया के लिए जाइडस अस्पताल रेफर किया गया था। इलाज के दौरान ब्रेन हैमरेज से उनकी मौत हो गई है।
इस व्यवसाय में पराग 1995 में शामिल हुए थे, तब कंपनी की कीमत 100 करोड़ रुपए से कम थी। वाघ बकरी चाय ग्रुप प्रीमियम चाय के लिए फेमस है। यह गुजरात बेस्ड कंपनी है, जिसकी शुरुआत 1892 में हुई थी। कंपनी का टर्नओवर 2000 करोड़ रुपए से अधिक है। चाय की डिस्ट्रिब्यूशन 50 मिलियन किलो है। कंपनी देश के 24 राज्यों के अलावा 60 देशों को चाय निर्यात करती है।
पराग वाघ बकरी चाय समूह के प्रबंध निदेशक रसेश देसाई के बेटे थे। परिवार में पत्नी विदिशा और बेटी परीशा हैं। उन्होंने समूह के अंतरराष्ट्रीय व्यवसाय, बिक्री और विपणन का नेतृत्व किया था। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) जैसे अग्रणी उद्योग मंचों में सक्रिय रूप से भाग लिए और उद्योग की सम्मानित आवाज थे।
गुजरात कांग्रेस प्रमुख और राज्यसभा सदस्य शक्ति सिंह गोहिल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पराग के निधन पर शोक जताया। उन्होंने लिखा-बहुत दुखद खबर आ रही है। वाघ बकरी टी के निदेशक और मालिक पराग देसाई का निधन हो गया। उसकी आत्मा को शांति मिले। पूरे भारत में पूरे वाघ बकरी परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in