नई दिल्ली, रफ्तार। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की कार्रवाई के बाद से पेटीएम की दिक्कतें कम नहीं हो रही हैं। अब पेटीएम यूजर्स के लिए बड़ी घोषणा की गई है। पेटीएम पेमेंट्स बैंक ने कहा है कि जिन वॉलेट्स में एक साल से लेन-देन नहीं किया गया है और जिनका बैलेंस जीरो है, उन्हें 20 जुलाई को बंद कर दिया जाएगा।
30 दिनों का दिया जाएगा नोटिस
पेटीएम पेमेंट्स बैंक ने अपनी वेबसाइट पर जानकारी दी है कि कृपया ध्यान दें कि सभी वॉलेट्स जिनमें 1 साल या उससे अधिक समय से लेन-देन नहीं किया गया है और बैलेंस जीरो है, उन वैलेट को 20 जुलाई से बंद किया जाएगा। सभी प्रभावित उपयोगकर्ताओं को सूचना दी जाएगी। साथ ही वॉलेट बंद करने से पहले 30 दिनों की नोटिस दिया जाएगा।
‘निष्क्रिय वॉलेट्स और खातों को बंद करें’
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने मार्च में पेटीएम पेमेंट्स बैंक खातों और वॉलेट्स को 15 मार्च 2024 के बाद नए जमा या क्रेडिट लेन-देन की मंजूरी देने से मना कर दिया था। हालांकि, इस तारीख के बाद भी मौजूदा बैलेंस से पैसे निकालने पर प्रतिबंध नहीं था। बैंक कुछ महीनों से ग्राहकों से अनुरोध किया है कि वे अपने निष्क्रिय वॉलेट्स और खातों को बंद करें, जो उपयोग में नहीं हैं।
9 जून से ही हो चुका है प्रभावी
पेटीएम पेमेंट्स बैंक ने पहले सूचना दी थी कि जिन खातों में एक या उससे अधिक साल से लेन-देन नहीं किया गया है और जिनमें जीरो बैलेंस है, उन्हें बंद किया जाएगा। यह 9 जून 2024 से प्रभावी है। आपका खाता बंद नहीं हुआ है तो उसको बंद होने से बचाने के लिए कृपया पेटीएम पेमेंट्स बैंक का उपयोग कर नीचे दिए गए किसी भी काम को करें। जैसे- नामांकन सुविधा, शेष राशि की जानकारी, नेट बैंकिंग, एटीएम पूछताछ।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





