नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । अमेजन जल्द ही ब्लिंकिट, जेप्टो जैसे क्विक डिलिवरी प्लैटफॉर्म्स को कड़ी टक्कर देने वाला है। कंपनी 15 मिनट डिलिवरी सर्विस शुरू करने पर काम कर रही है, जिसे इस महीने के आखिर तक बेंगलुरु में लॉन्च कर दिया जाएगा। अमेजन इंडिया के कंट्री मैनेजर समीर कुमार ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि अभी इस प्रोजेक्ट को इंटरनली ‘प्रोजेक्ट तेज़’ नाम दिया गया है।
समीर कुमार ने कहा, ‘हम अपने प्लैटफॉर्म पर रोजमर्रा की जरूरत की चीज़ों की डिलिवरी 15 मिनट में करेंगे।’ उन्होंने कहा कि शुरुआत में इस प्लैटफॉर्म पर वो चीजें मिलेंगी जिनकी जरूरत लोगों को ज्यादा पड़ती है। शुरुआत में 1000-2000 प्रोडक्ट्स के साथ सर्विस शुरू होगी। धीरे-धीरे डिमांड के हिसाब से इस प्लैटफॉर्म पर प्रोडक्ट्स बढ़ाए जाएंगे। उन्होंने ये भी बताया कि अभी कंपनी की 15 मिनट में फोन या हाई वैल्यू प्रोडक्ट डिलिवर करने की कोई योजना नहीं है। बेंगलुरु के बाद देश के दूसरे शहरों में भी इस सर्विस का विस्तार किया जाएगा।
Grocery Service पर फोकस
समीर कुमार ने बताया कि नए प्लैटफॉर्म का फोकस समय पर ग्रोसरी डिलिवरी करने पर होगा। उन्होंने बताया कि अमेज़न पहले ही Fresh की मदद से ग्रोसरीज़ डिलिवर करती रही है, नई सर्विस के लिए फ्रेश का इकोसिस्टम मददगार होगा। इसके साथ ही ग्रोसरीज़ डिलिवरी को स्पीड भी मिलेगी।
भारत में क्विक कॉमर्स की शुरुआत
जब समीर कुमार से पूछा गया कि क्या क्विक कॉमर्स में अमेजन देर से एंट्री कर रहा है? इस पर उन्होंने कहा कि भारत में क्विक कॉमर्स अभी अपने शुरुआती दौर में है और ये अभी बहुत आगे बढ़ेगा। वैसे बता दें कि कई देशों में सर्विस देने वाले अमेजन का ये इस तरह का पहला प्रयोग है। इससे पहले अमेजन ने किसी और देश में क्विक डिलिवरी सर्विस शुरू नहीं की है।




