नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। केंद्रीय बजट 2026 को पेश होने में अब ज्यादा समय नहीं बचा है और ऐसे में देश का सबसे बड़ा वर्ग यानी किसान वर्ग सरकार की ओर टकटकी लगाए बैठा है। बढ़ती महंगाई और खेती की लागत के बीच किसानों को सरकार से बड़ी राहत की उम्मीद है। खास तौर पर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना को लेकर इस बार उम्मीदें ज्यादा हैं।
पीएम किसान योजना में बढ़ सकती है रकम
फिलहाल पीएम किसान योजना के तहत किसानों को सालाना 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता मिलती है। लेकिन किसानों का कहना है कि मौजूदा हालात में यह रकम काफी कम पड़ रही है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि बजट 2026 में सरकार इस राशि को बढ़ाकर 10,000 रुपये सालाना कर सकती है। अगर ऐसा होता है, तो यह किसानों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।
क्यों जरूरी है बढ़ोतरी?
पिछले कुछ वर्षों में खेती की लागत में जबरदस्त इजाफा हुआ है। खाद और बीज महंगे हो गए हैं डीजल के दाम बढ़े हैं कीटनाशक और कृषि उपकरण भी महंगे हो चुके हैं इन सब वजहों से किसानों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। ऐसे में 6,000 रुपये की सहायता जरूरतों के मुकाबले बहुत कम मानी जा रही है। किसानों का कहना है कि अगर सरकार इस राशि में बढ़ोतरी करती है, तो वे बेहतर खेती कर पाएंगे और उत्पादन भी बढ़ेगा। अगर पीएम किसान योजना की रकम बढ़ाई जाती है, तो इसका सीधा फायदा सिर्फ किसानों को ही नहीं, बल्कि पूरी ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा। किसानों के हाथ में ज्यादा पैसा आएगा, जिससे उनकी खरीदारी बढ़ेगी और बाजार में रौनक आएगी। इससे रोजगार और व्यापार दोनों को मजबूती मिल सकती है।
कब शुरू हुई थी पीएम किसान योजना?
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत दिसंबर 2018 में हुई थी। इस योजना का मकसद छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक सहारा देना है। योजना के तहत साल में तीन किस्तों में कुल 6,000 रुपये सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजे जाते हैं। इस बार बजट 2026 से किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अगर सरकार पीएम किसान योजना की राशि बढ़ाने का ऐलान करती है, तो यह फैसला लाखों किसानों के चेहरे पर मुस्कान ला सकता है।





