नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। दुनिया के सबसे अमीर इंसान एलन मस्क की दौलत हर दिन बढ़ती ही जा रही है। हाल ही में जारी ब्लूमबर्ग रिपोर्ट के अनुसार उनकी नेटवर्थ में 50 बिलियन डॉलर का इजाफा हुआ है, जिसके चलते उनकी टोटल नेटवर्थ ने 400 अरब डॉलर का आंकड़ा भी पार कर लिया है। अब टोटल नेटवर्थ 439 बिलियन डॉलर रखने वाले वे दुनिया के पहले इंसान बन गए हैं। इस आंकड़े को अभी तक किसी भी अरबपति ने पार नहीं किया है।
हाल ही में जारी ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक स्पेसएक्स की इनसाइडर ट्रेडिंग सेल्स के कारण एलन मस्क की नेटवर्थ (Elon Musk Net Worth) एक झटके में 50 बिलियन डॉलर का आंकड़ा पार कर गई। जिसकी वजह से उनकी कुल नेटवर्थ 439 बिलियन डॉलर से अधिक हो गई है। ऐसे में एलन मस्क 400 अरब डॉलर की कुल नेटवर्थ रखने वाले दुनिया के पहले इंसान हैं। वहीं शेयर बाजार बंद होने और Tesla के शेयरों में तेजी के बाद एलन मस्क की दौलत में और भी इजाफा देखा गया।
72 फीसदी से अधिक बढ़ोत्तरी देखने को मिली है
ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स को देखा जाए तो एलन मस्क की नेटवर्थ में 62 अरब डॉलर की तेजी आई, जिससे नेटवर्थ 447 अरब डॉलर हो गई है। खास बात यह भी सामने आई है कि डोनाल्ड ट्रंप की जीत के बाद से एलन मस्क की नेटवर्थ में 183 अरब डॉलर की बढ़ोतरी देखने को मिली है। वहीं दूसरी ओर 4 दिसंबर के बाद से टेस्ला के शेयरों में भी 72 फीसदी से अधिक बढ़ोतरी देखने को मिली है।
दौलत में 62 बिलियन डॉलर का इजाफा
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट की मानें तो स्पेसएक्स और उसके इंवेस्टर्स ने 1.25 बिलियन डॉलर के शेयर खरीदने पर अपनी सहमति दी है। इस डील के बाद से स्पेसएक्स की वैल्यू 350 बिलियन डॉलर हो गई। यह दुनिया का सबसे बड़ा प्राइवेट स्टार्टअप बन गया है। ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स पर 1 जुलाई 2023 को एलन मस्क की नेटवर्थ 126 अरब डॉलर थी, जिसमें करीब डेढ़ साल में 3.55 गुना यानी 255 फीसदी का इजाफा देखने को मिला है।
रिकॉर्ड लेवल पर Tesla के शेयर
वहीं टेस्ला के शेयर करीब 6 फीसदी की तेजी के साथ 424.88 डॉलर के लाइफ टाइम हाई पर पहुंचे। इसके शेयरों में 4 नवंबर के बाद से अच्छी तेजी आई है। 4 नवंबर को कंपनी का शेयर 242.84 डॉलर का था, जिसमें अब तक 75 फीसदी बढोत्तरी हो चुकी है। अमेरिकी शेयर बाजार बंद होने के बाद टेस्ला के शेयर 5.93 फीसदी की तेजी के साथ 424.77 डॉलर पर बंद हुए हैं।
अन्य दिग्गजों की नेटवर्थ में भी जोरदार उछाल
रिपोर्ट में दुनिया के टॉप-10 अरबपतियों की लिस्ट में शामिल अन्य दिग्गजों की नेटवर्थ में भी जोरदार उछाल देखने को मिली है। अमेजन के जेफ बेजोस 249 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ दुनिया के दूसरे सबसे अमीर इंसान हैं। फेसबुक के (Mark Juckerburg Net Worth) मार्क जुकरबर्ग की नेटवर्थ 224 अरब डॉलर है जिससे वे दुनिया के तीसरे सबसे अमीर इंसान हैं।
वहीं दुनिया के अन्य अमीरों की श्रेणी में लैरी एलिसन (198 अरब डॉलर) के साथ चौथे नंबर पर, बर्नार्ड अर्नाल्ट (181 अरब डॉलर) के साथ पांचवें नंबर पर, लैरी पेज (174 अरब डॉलर) के साथ छठे नंबर पर, बिल गेट्स (165 अरब डॉलर) के साथ सातवें नंबर पर, सर्ग्रेई ब्रिन (163 अरब डॉलर) के साथ आठवें स्थान पर हैं। नौंवे सबसे अमीर इंसान स्टीव बाल्मर की संपत्ति 155 अरब डॉलर है, तो वहीं दसवें पायदान पर 144 अरब डॉलर के साथ दिग्गज निवेशक वॉरेन बफे का नाम शामिल है।





