नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । लोग दिन-रात मेहनत करके जो पैसे कमाते हैं, उससे वे अपनी रोज़मर्रा की जरूरतें पूरी करते हैं और कुछ हिस्सा भविष्य के लिए बचत में भी लगाते हैं। आजकल लोग अपनी बचत और जरूरतों का पैसा बैंकों में सुरक्षित रखते हैं, लेकिन अब यही पैसा साइबर अपराधियों के निशाने पर है। ठगी करने वाले अपराधी लगातार नए तरीके ढूंढ़ते रहते हैं।
अपराधी पहले लोगों को फर्जी लिंक या मैसेज भेजकर ठगते थे, लेकिन अब एक नया और खतरनाक तरीका सामने आया है। अब साइबर ठग केवल एक फोटो भेजकर आपके बैंक अकाउंट को खाली कर सकते हैं। तो आखिर ये नई ठगी कैसे काम करती है और इससे कैसे बचा जा सकता है? आइए, इस खतरनाक फ्रॉड को विस्तार से समझते हैं और जानें इससे बचाव के उपाय।
क्या है यह नया साइबर फ्रॉड ?
अब साइबर ठग सिर्फ एक मैसेज या फर्जी लिंक नहीं, बल्कि एक फोटो के जरिए आपकी निजी जानकारी और बैंक खाते तक पहुंच बना सकते हैं। दरअसल, ये अपराधी किसी अनजान नंबर से आपको व्हाट्सएप पर एक साधारण-सी तस्वीर भेजते हैं, जो देखने में आम लगती है। लोग अक्सर बिना सोचे-समझे ऐसी तस्वीरों पर क्लिक कर देते हैं, लेकिन यहीं से शुरू होता है खतरा। इस फोटो में एक खतरनाक मैलवेयर (वायरस जैसा सॉफ्टवेयर) छिपा होता है। जैसे ही आप फोटो पर क्लिक करते हैं, यह मैलवेयर आपके मोबाइल में इंस्टॉल हो जाता है और फोन का पूरा कंट्रोल ठगों के हाथ में चला जाता है।
कैसे बचें इस फोटो फ्रॉड से ? अपनाएं ये तरीके
अनजान नंबर से आई किसी भी फोटो पर क्लिक न करें
अगर आपको किसी अनजान नंबर से व्हाट्सएप पर कोई फोटो या मैसेज आता है, तो उसे बिल्कुल न खोलें। ऐसे मैसेज को बिना क्लिक किए ही तुरंत रिपोर्ट करें और ब्लॉक कर दें। यही सबसे पहला और ज़रूरी कदम है इस फ्रॉड से बचाव का।
अनऑफिशियल ऐप्स (APK फाइल्स) से दूर रहें
कोशिश करें कि आप अपने फोन में केवल प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से ही ऐप्स इंस्टॉल करें। जो ऐप्स आपको वेबसाइट या मैसेज के जरिए APK फॉर्मेट में इंस्टॉल करने को कहते हैं, वे बेहद खतरनाक हो सकते हैं। इनसे आपका डिवाइस हैक हो सकता है और आपकी निजी जानकारी चोरी हो सकती है।





