नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। 500 रुपये के नोट को लेकर इन दिनों बाजार में हलचल तेज हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) आने वाले समय में इस नोट को धीरे-धीरे बंद करने की तैयारी कर रहा है। हालांकि ये नोट बंदी की तरह अचानक नहीं होगा, बल्कि इसे एक योजनाबद्ध तरीके से बाजार से हटाया जाएगा। जानकारों की मानें तो आरबीआई मार्च 2026 तक 500 रुपये के नोटों को चलन से बाहर करने का फैसला ले सकता है। इसके लिए पहले इन नोटों का सर्कुलेशन कम किया जाएगा और धीरे-धीरे छोटे नोटों की संख्या बढ़ाई जाएगी। आइए जानते हैं कि आखिर क्यों 500 रुपये का नोट बंद किया जा सकता है और इसके पीछे क्या हैं वो तीन बड़े कारण।
1. ब्लैक मनी पर रोक लगाने की कोशिश
सरकार और आरबीआई की पहली प्राथमिकता देश में भ्रष्टाचार और काले धन को रोकना है। टैक्स रेड्स के दौरान अकसर बड़ी मात्रा में 500 रुपये के नोट ही पकड़े जाते हैं। इसलिए यह माना जा रहा है कि बड़े नोटों को हटाकर ब्लैक मनी की समस्या को काबू में लाया जा सकता है।
2. छोटे नोटों को बढ़ावा देने की योजना
RBI अब 100 और 200 रुपये के नोटों को ज्यादा प्रचलन में लाना चाहता है। 500 के नोटों की संख्या घटाकर बैंकों और एटीएम में छोटे नोटों की उपलब्धता बढ़ाई जाएगी। इससे आम लोगों को खुले पैसों की समस्या भी कम होगी।
3. डिजिटल पेमेंट को प्रोत्साहन
सरकार डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देना चाहती है। छोटे नोटों की मदद से लोग ज्यादा से ज्यादा डिजिटल पेमेंट की ओर बढ़ेंगे। इससे लेन-देन ज्यादा पारदर्शी होगा और टैक्स चोरी जैसी समस्याओं पर भी लगाम लगेगी।
क्या तुरंत बंद होंगे 500 रुपये के नोट?
फिलहाल 500 रुपये के नोट बंद नहीं हो रहे हैं। लेकिन RBI की रणनीति के तहत धीरे-धीरे इनकी संख्या कम की जाएगी। यह एक लंबी प्रक्रिया होगी जिसमें लोगों को समय भी मिलेगा। अगर आप के पास 500 रुपये के नोट हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है। अभी ये वैध हैं और चलन में भी हैं। 500 रुपये के नोटों को लेकर आने वाले समय में बड़े बदलाव संभव हैं। RBI और सरकार मिलकर भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने, डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देने और अर्थव्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए यह कदम उठा सकते हैं। अब देखना यह होगा कि मार्च 2026 तक क्या वाकई 500 रुपये का नोट इतिहास बन जाएगा या नहीं।





