CWC 2023: कोहली को बधाई देने के सवाल पर भड़के श्रीलंकाई कप्तान, दिया अजीबोगरीब बयान

Virat Kohli: विराट कोहली ने ईडन गार्डेन्स में रविवार को वनडे कॅरियर का 49वां शतक जड़ा। उन्होंने सचिन तेंदुलकर के सबसे अधिक 49 शतक के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
विराट कोहली और श्रीलंका के स्टार बल्लेबाज और कप्तान कुसल मेंडिस।
विराट कोहली और श्रीलंका के स्टार बल्लेबाज और कप्तान कुसल मेंडिस।रफ्तार।

नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। विराट कोहली ने ईडन गार्डेन्स में रविवार को वनडे कॅरियर का 49वां शतक जड़ा। उन्होंने सचिन तेंदुलकर के सबसे अधिक 49 शतक के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। कोहली ने 277 पारियों में यह मुकाम पाया है। अब फैंस और भारतीय क्रिकेट टीम को उम्मीद है कि विराट इसी वर्ल्ड कप में शतकों का अर्धशतक लगाएं और ऐसा करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बने। कोहली को उनकी इस उपलब्धि के बाद कई पूर्व खिलाड़ियों ने बधाई दी थी। वहीं, श्रीलंका के स्टार बल्लेबाज और कप्तान कुसल मेंडिस ने अजीब प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने दिल्ली में बांग्लादेश के खिलाफ मैच से पहले रविवार को संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। एक पत्रकार ने मेंडिस से पूछा कि क्या वह कोहली को उनके 49वें वनडे शतक पर बधाई देना चाहेंगे। इस पर मेंडिस ने कहा- "मैं उन्हें बधाई क्यों दूंगा?' मेंडिस ने जवाब दिया और हंसने लगे। जवाब का वीडियो वायरल हो गया है। उनकी इस प्रतिक्रिया का मजाक भी उड़ाया जा रहा है।

सचिन के रिकॉर्ड की बराबरी

मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के 50 ओवर के क्रिकेट में सबसे अधिक शतक लगाने के रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए कोहली वनडे वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे अधिक रन बनाने के मामले में श्रीलंका के कुमार संगकारा को पीछे छोड़कर तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में कोहली ने 121 गेंदों पर 10 चौकों की मदद से और 83.47 की स्ट्राइक रेट से 101 रन बनाए।

वर्ल्ड कप में टॉप स्कोर 107

वर्ल्ड कप के 34 मैचों में विराट के नाम 58.25 की औसत से 1573 रन दर्ज हैं। इसमें चार शतक और 10 अर्धशतक शामिल हैं। टूर्नामेंट में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 107 रन है। 2278 रनों के साथ सचिन वर्ल्ड कप इतिहास में सर्वोच्च स्कोरर हैं। संगकारा ने वर्ल्ड कप कॅरियर में 1532 रन बनाए। इस वर्ल्ड कप के आठ मैचों में विराट ने 108.40 की औसत से 542 रन बनाए हैं। इसमें दो शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं। सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 103 रन हैं। वह टूर्नामेंट में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में दूसरे नंबर पर हैं।

वनडे में 50 शतक लगाने में सिर्फ एक बाकी

विराट ने वनडे में भी साउथ अफ्रीका के खिलाफ शानदार फॉर्म जारी रखी है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे की पिछली 15 पारियों में कोहली ने 109 से अधिक की औसत से 1091 रन बनाए हैं। इसमें पांच शतक और पांच अर्धशतक हैं। वह अब 50 वनडे शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बनने से एक शतक दूर हैं। विराट का शतक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनका 79वां शतक भी है। विराट ने वनडे में 49, टेस्ट में 29 और टी20 में एक शतक लगाया है। विराट व्हाइट बॉल क्रिकेट (वनडे+टी20) में 50 शतक लगाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी भी हैं।

श्रीलंका के खिलाफ इसी मैदान पर जड़ा था पहला शतक

उसी मैदान पर विराट का रिकॉर्ड आया है, जहां 2009 में श्रीलंका के खिलाफ पहला अंतरराष्ट्रीय शतक बनाया था। कोहली के नाम अब सचिन तेंदुलकर के 100 शतकों के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दूसरे सबसे अधिक शतक हैं। वह उनकी एलीट कंपनी में शामिल हुए, जिन्होंने अपने जन्मदिन पर शतक बनाया। इनमें खुद सचिन, विनोद कांबली, सनथ जयसूर्या, रॉस टेलर, टॉम लाथम और मिचेल मार्श शामिल हैं। वर्ल्ड कप में जन्मदिन पर शतक लगाने वाले वह पहले भारतीय और ओवरऑल तीसरे खिलाड़ी हैं। इनसे पहले मिचेल मार्श और रॉस टेलर ने ऐसा किया है।

50 ओवर में 5 विकेट खोकर बनाए 326

विराट ने 101 रनों की नाबाद पारी खेली। श्रेयस अय्यर ने 77 रन बनाए। भारत ने 50 ओवर में पांच विकेट खोकर 326 रन बनाए थे। दक्षिण अफ्रीका की टीम 27.1 ओवर में 83 रन पर सिमटी। रवींद्र जडेजा ने पांच विकेट गिराए। शमी और कुलदीप को दो-दो विकेट मिले। भारत ने 243 रनों से मैच जीता। यह इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया की लगातार आठवीं जीत है। भारत अब प्वाइंट टेबल को शीर्ष पर रहकर खत्म करेगा।

अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in

Related Stories

No stories found.