MP में रण के लिए भाजपा आज निकालेगी पांच जन आशीर्वाद यात्रा, विपक्ष पर होगा जमकर हमला
भोपाल, हि.स.। भाजपा द्वारा राज्य सरकार की उपलब्धियों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पांच जन आशीर्वाद यात्रा निकाली जा रही है। इन यात्राओं में आज (सोमवार को) पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
यहां से गुजरेगी जन आशीर्वाद यात्रा
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने बताया कि पार्टी की विंध्य क्षेत्र की जन आशीर्वाद यात्रा आज पन्ना जिले के लक्ष्मीपुर से प्रारंभ होकर बृजपुर, पहाड़ीखेरा, धर्मपुर, छठवां मील, अजयगढ़, बीरा, हिनौता, चंदला, मुडेरी, मढ़ा होते हुए लवकुशनगर पहुंचेगी। यात्रा में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा एवं प्रदेश शासन के मंत्री राजेन्द्र शुक्ल शामिल रहेंगे।
ये नेता होंगे शामिल
वहीं, महाकौशल क्षेत्र की जन आशीर्वाद नरसिंहपुर जिले के कामती से प्रारंभ होकर मिढ़वानी, देवरी, बनवारी, साईखेड़ा, झिकोली, तेंदूखेड़ा, देवरी, सुरखी, नरयावली होते हुए सागर पहुंचेगी। यात्रा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, वरिष्ठ नेता प्रभात झा एवं प्रदेश शासन के मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत शामिल रहेंगे।
देवेंद्र फडणवीस भी महाराष्ट्र से होंगे शामिल
इंदौर संभाग की यात्रा आज धार से प्रारंभ होकर देपालपुर, महू होते हुए राऊ पहुंचेगी। यात्रा में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस एवं प्रदेश शासन के मंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल रहेंगे, जबकि मालवा क्षेत्र की यात्रा नर्मदापुरम जिले के सिवनी मालवा से प्रारंभ होकर लोखरतलाई, ढेकना, गवासेन, चीरापाटला, चिचौली, टाईली जोड, खेड़ी सांवलीगढ़, भडुसजोड होते हुए बैतूल पहुंचेगी। यात्रा में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक एवं प्रदेश शासन के मंत्री कमल पटेल शामिल रहेंगे।
हरियाणा के सीएम भी करेंगे जनसभा को संबोधित
इसी तरह ग्वालियर-चंबल संभाग की यात्रा आज विदिशा जिले के सिरोंज से प्रारंभ होकर शमशाबाद, नटेरन, करवाई, मंडी बामोरा होते मंडी बामोरा पहुंचेगी। यात्रा में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा एवं प्रदेश शासन के मंत्री रामखिलावन पटेल शामिल रहेंगे। वहीं, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर आज (सोमवार को) मध्य प्रदेश के सागर आएंगे। वे यहां भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल होंगे और जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
जनसम्पर्क अधिकारी प्रलय श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्यमंत्री खट्टर शासकीय वायुयान से दोपहर 2:30 बजे सागर के ढाना हवाई पट्टी पहुंचेंगे और यहां से कार द्वारा दोपहर 3:25 बजे सुरखी जाएंगे और जनसभा में शामिल होंगे। सुरखी की जनसभा के बाद मनोहर खट्टर शाम 4:20 बजे सागर स्थित सर्किट हाउस आएंगे तथा शाम 5:30 बजे मकरोनिया में आयोजित जनसभा में शामिल होंगे। खट्टर रात 8 बजे सागर में आयोजित जनसभा में भी शामिल होंगे। वे रात्रि विश्राम सागर में करेंगे तथा 19 सितंबर को सुबह 9:30 बजे ढाना हवाई पट्टी से भोपाल के लिए रवाना होंगे।