
कोलकाता, एजेंसी। पश्चिम बंगाल राज्य सचिवालय नवान्न में सोमवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मुलाकात पर भाजपा ने तंज कसा है। वरिष्ठ भाजपा विधायक और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने तीनों की मुलाकात के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले भ्रष्टाचारियों का नया गठबंधन बन रहा है।
बन रहा भ्रष्टाचार का गठबंधन: BJP
दरअसल इस बात के दावे किए जा रहे हैं कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में गैर भाजपा और गैर कांग्रेसी दल "थर्ड फ्रंट" के गठन की कवायद में जुटे हुए हैं। इसी पर तंज कसते हुए शुभेंदु ने कहा कि "करप्शन यूनाइटेड फ्रंट" बन रहा है। नीतीश और ममता मुलाकात पर तंज कसते हुए शुभेंदु ने कहा कि यह देश के लिए बहुत ही अशुभ घड़ी है क्योंकि भ्रष्टाचारियों का अपना एक गठबंधन बन रहा है। इसकी अध्यक्ष ममता बनर्जी और संयोजक अरविंद केजरीवाल हैं। यह गठबंधन आधे-अधूरे मन से किया गया गठबंधन है। इसकी कोई दशा-दिशा नहीं है। इसका आम लोगों से भी कोई संबंध नहीं रहेगा।
शुभेंदु का ममता पर हमला
शुभेंदु ने कहा कि जब लोकसभा चुनाव आता है तो ममता बनर्जी को प्रधानमंत्री उम्मीदवार के तौर पर पेश किया जाता है। वह खुद भी प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रही हैं। हकीकत यह है कि उन्होंने अपने शासन के दौरान पूरे पश्चिम बंगाल को बर्बाद कर दिया है और अब देश को बर्बाद करना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि इसके पहले के चुनाव में भी कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में ममता ने अखिलेश यादव, स्टालिन से लेकर सभी बड़े नेताओं को एकत्रित किया था। उस समय नीतीश कुमार एनडीए में थे। उस महागठबंधन का परिणाम लोगों ने देख लिया है और अब इस गठबंधन का भविष्य भी साफ दिख रहा है।
भाजपा जीतेगी 400 से अधिक सीट
उन्होंने दावा किया कि इस बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा 400 से अधिक सीटें जीतेगी। इसके साथ ही ईद के दिन कोलकाता के रेड रोड पर नमाज में शामिल हुई मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के राजनीतिक भाषण के खिलाफ उन्होंने आगामी 29 अप्रैल को विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी शांतिपूर्वक तरीके से विरोध प्रदर्शन करेगी। अगर पुलिस अनुमति नहीं देगी तो कोर्ट का दरवाजा खटखटाया जाएगा।