बंगाल : एक दिन में 476 लोग हुए कोरोना पॉजिटिव, पीड़ितों की संख्या हुई 10 हजार के पार
कोलकाता, 12 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में महामारी कोरोना का संक्रमण तेजी से पांव पसारता जा रहा है। शुक्रवार को राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन में बताया गया है कि 24 घंटे के दौरान 476 लोग कोरोनावायरस पॉजिटिव हुए हैं। इसकी वजह से पीड़ितों की कुल संख्या बढ़कर 10244 पर पहुंच गई है। हालांकि इनमें से 4206 लोग स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। 24 घंटे में 218 लोग स्वस्थ हुए हैं। इसके साथ ही एक दिन में 9 लोगों की मौत के साथ मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 451 हो गई है। बाकी 5587 एक्टिव मामले हैं जिन्हें राज्य के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। हेल्थ बुलेटिन में बताया गया है कि राज्य में स्वस्थ होने की दर बढ़ी है। अब तक यह 40 फ़ीसदी के आसपास थी जो शुक्रवार को बढ़कर 41.05 फ़ीसदी पर पहुंच गई है जो राहत की खबर है। हेल्थ बुलेटिन में बताया गया है कि एक दिन में राज्य में कुल 8758 लोगों के नमूने जांचे गए हैं। अभी तक कुल 315699 लोगों के सैंपल जांचे जा चुके हैं। इनमें से 3.24 फ़ीसदी लोग कोरोनावायरस पॉजिटिव निकले हैं। फिलहाल 157289 लोग होम क्वॉरेंटाइन में हैं। बताया गया है कि राज्य में कुल 69 कोरोना समर्पित अस्पताल है जिनमें मरीजों का इलाज लगातार चल रहा है। हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश-hindusthansamachar.in