नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। बांग्लादेश में हिंसा के बीच शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के नेताओं और उनके परिवार के सदस्यों के 29 शव मिले हैं।
ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, हिंसा से प्रभावित सतखीरा में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई। अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं के घरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में तोड़फोड़ की गई। इसके साथ ही कुमिल्ला में भीड़ पर किए गए हमलों में 11 अन्य लोगों की मौत हो गई।
शाह आलाम के घर किया गया हमला
चश्मदीदों के अनुसार, सोमवार को भीड़ ने शाह आलम के घर पर हमला कर दिया। साथ ही उनके घर के ग्राउंड फ्लोर पर आग लगा दी। जिन लोगों ने घर के तीसरे फ्लोर पर शरण ली हुई थी, उनमें से कुछ लोगों की जलने से मौत हो गई तो कुछ लोगों की धुएं के कारण दम घुटने से मौत हो गई। इस हमले में 10 लोग घायल हो गए थे। इनमें से 1 का इलाज ICU में चल रहा है।
शफिकुल इस्लाम के घर में लगा दी आग
इसी बीच मंगलवार को भीड़ ने शीमल स्थित सांसद शफिकुल इस्लाम के घर में आग लगा दी। इससे 4 लोगों की मौत हो गई और उनके शव बालकोनी, छत और कमरों से मिले। ढाका ट्रिब्यून के अनुसार, अवामी लीग के युवा वर्ग जूबो लीग के 2 लीडर्स के भी शव बरामद किए गए। बोगरा में भी भीड़ ने जूबो लीडर्स के दो नेताओं को मौत के घाट उतार दिया।
उल्लेखनीय है कि नोबल पुरस्कार विजेता मोहम्मद युनुस बांग्लादेश में अंतरिम सरकार चलाएंगे। राष्ट्रपति मोहम्मद शाहबुद्दीन की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। इस बैठक में स्टूडेंट लीडर्स और तीन फोर्सिस के चीफ शामिल हुए। स्टूडेंट लीडर्स ने कहा कि अंतरिम सरकार का गठन जल्द ही किया जाएगा।
अन्य ख़बरों के लिए क्लिक करें –www.raftaar.in





