नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में पीईटी 2021 पास करने के बाद लेखपाल भर्ती (UP Lekhpal Bharti 2021) का इंतजार कर रहे युवाओं को जल्द खुशखबरी मिलने जा रही है। दरअसल, उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग जल्द ही लेखपालों के 7882 रिक्त पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी करने वाला है.।
मीडिया में आ रही खबरों की मानें तो लेखपाल भर्ती 2021 (UP Lekhpal Bharti 2021) का विज्ञापन दिसंबर महीने में जारी किया जा सकता है। बता दें कि उत्तर प्रदेश में कई साल बाद लेखपालों की भर्ती होने जा रही है। लेखपाल भर्ती प्रक्रिया को लेकर भी उम्मीदवारों के बीच कई सवाल हैं। आरक्षण के नियमों को लेकर अभ्यार्थियों के बीच कन्फ्यूजन बना हुआ है।
किन्हें मिलेगा आरक्षण
पुरानी भर्ती की तरह इस बार भी लेखपाल भर्ती (UP Lekhpal Bharti 2021) में लाखों उम्मीदवारों के शामिल होने की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश सरकार के नियमों के अनुसार आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को आरक्षण का लाभ दिया जाएगा। इसके तहत उत्तर प्रदेश में एससी को 21 फीसदी, एसटी को 2 फीसदी, ओबीसी को 27 फीसदी और इडब्लूएस को 10 फीसदी आरक्षण का लाभ दिया जा सकता है।
इन दस्तावेजों की होगी जरूरत
यूपी लेखपाल भर्ती में आरक्षित वर्गों को आरक्षण का लाभ लेने के लिए कुछ जरूरी दस्तावेज पेश करने होंगे। ओबीसी, एससी, एसटी और इडब्लूएस वर्ग के उम्मीदवारों को संबंधित श्रेणी का प्रमाण पत्र देना होगा। ऐसे में आरक्षित वर्ग (UP Lekhpal Bharti 2021) के जिन उम्मीदवारों के पास यह प्रमाण पत्र नहीं है, वह जल्द से जल्द इसे बनवा लें। ताकि जरूरत पड़ने पर प्रमाण पत्र बनवाने के लिए परेशान न होना पड़े।





