हैदराबाद, 25 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तेलंगाना प्रांत के कार्यवाह रमेश कच्छम ने कहा कि संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने पर सभी जिलों के प्रमुख मार्गों पर स्थित गांव एवं शहरों में संघ की शाखाएं शुरू करने का लक्ष्य लिया गया है। अगले तीन वर्षों में सभी मंडल एवं बस्ती संघ कार्य से युक्त हो जाएंगे। कच्छम ने पिछले सप्ताह बेंगलुरु में हुई अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक के निर्णयों की जानकारी गुरुवार को पत्रकारों से साझा की। कच्छम ने संघ कार्यालय केशव निलयम में पत्रकार वार्ता में बताया कि प्रतिनिधि सभा में दो प्रस्ताव पारित किए गए। पहला प्रस्ताव राम मंदिर से संबंधित है, जिसमें कहा गया है कि मंदिर निर्माण के लिए 43 दिनों का राष्ट्रव्यापी निधि समर्पण अभियान एक सफलता थी, जिसमें सभी जाति, समुदाय और धर्मों के लोग शामिल थे। उन्होंने बताया कि श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए देशभर में चलाए गए निधि समर्पण अभियान के दौरान 20.64 लाख स्वयंसेवकों ने 5.45 लाख गांवों में 12.47 करोड़ परिवारों से संपर्क किया। इस दौरान तेलंगाना के 12,719 गांवों में 68.59 लाख परिवारों से संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि प्रतिनिधि सभा में दूसरा प्रस्ताव कोरोना महामारी से संबंधित है। उन्होंने बताया कि देशभर में 92,000 केंद्रों पर 4.66 करोड़ भोजन पैकेट, 73.81 लाख राशन किट और 89.23 लाख मास्क वितरित किए गए। जरूरतमंदों के लिए भोजन, आवास, आयुर्वेदिक काढ़े, मास्क और सैनिटाइजर का वितरण किया गया। उल्लेखनीय है कि अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक 19 एवं 20 मार्च को कर्नाटक के बेंगलुरु में हुई थी। हिन्दुस्तान समाचार/ नागराज





