सिक्किम: 50 नए मामले सामने आए, कुल 60 सक्रिय मामले
गंगटोक, 12 जून (हि.स.)। देश के विभिन्न हिस्सों में फंसे लोगों की वापसी के साथ ही सिक्किम में कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या भी बढ़ने लगी है। सिक्किम में कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या अब बढ़कर 60 हो गई है। शुक्रवार की सुबह राज्य स्वास्थ्य विभाग के सचिव एवं महानिदेशक डॉ. पेम्पा टी. भूटिया ने 14 नए कोविड मामले सामने आने की जानकारी दी। इसी तरह, देर रात जारी किए गए हेल्थ बुलेटिन में डॉ. भूटिया ने और 36 लोगों की रिपोर्ट कोविड पॉजिटिव आने की जानकारी दी। राजधानी गंगटोक के एसटीएनएम अस्पताल में पहले से 10 कोविड पॉजिटिव रोगियों का इलाज चल रहा है। इसके साथ ही राज्य में कोविड पॉजिटिव लोगों की संख्या बढ़कर 60 हो गई है। सिक्किम में आज एक ही दिन में 50 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जो अब तक की सबसे अधिक है। डॉ. भूटिया ने कहा कि कल एसटीएनएम अस्पताल में कुल 412 लोगों की आरटीपीआर जांच करवाई थी। उनमें से 14 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आया था। इसमें 60 लोगों को संदेह के आधार पर फिर से जांच की गई, जिनमें से 36 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। उन्होंने कहा कि अब पॉजिटिव लोगों के संपर्क में आने वाले लोगों की पहचान और परीक्षण का काम शुरू किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि गुरुवार को दो कोविड पॉजिटिव महिलाएं स्वस्थ होकर घर लौट चुकी हैं। हिन्दुस्थान समाचार/बिशाल-hindusthansamachar.in