पुरानी रंजिश के कारण धारदार हथियार से प्रहार कर किसान की हत्या

पुरानी रंजिश के कारण धारदार हथियार से प्रहार कर किसान की हत्या

हापुड़, 12 जून (हि.स.)। धौलाना तहसील के पिलखुवा थाना क्षेत्र के गांव फगौता में शुक्रवार को एक किसान की पुरानी रंजिश के कारण हत्या कर दी। तीन लोगों को इस मामले में नामजद किया गया है। किसान शुक्रवार को अपने खेत में पानी लगाने गया था। मृतक के सिर और कनपटी पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्राम फगौता निवासी उसका पिता कुशलपाल गांव में अपनी पत्नी के साथ रहता था। कुशलपाल का पुत्र अनिल और परिवार के अन्य सदस्य दिल्ली के मंडावली में रहते हैं। कुशलपाल गुरुवार की रात खेत में पानी लगाने के लिए गया था। शुक्रवार दोपहर तक वह घर लौट कर नहीं आया तो उसकी पत्नी ने पड़ोसी को उसके सम्बन्ध में जानकारी करने के लिए खेत पर भेजा। उसने खेत पर जाकर देखा तो वहां कुशलपाल का शव पड़ा था। हत्या की जानकारी मिलते ही गांव के अन्य लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए। इस दौरान किसी व्यक्ति ने फोन काॅल के माध्यम से पुलिस को सूचित किया। हत्या की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी महावीर सिंह चैहान और पुलिस क्षेत्राधिकारी डा. तेजवीर सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मृतक के पुत्र अनिल सिंह राणा ने शाहपुर गांव निवासी अभय सिंह, सूरज और शिंभू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। घटना के बाद से तीनों नामजद फरार है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। जल्द ही उन्हें बंदी बना लिया जाएगा। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि लगभग 19 साल पहले तक कुशलपाल आपराधिक गतिविधियों में शामिल था। दिल्ली और धौलाना थाना में उसके विरुद्ध हत्या करने के आरोप में कई मुकदमे दर्ज हैं, जो न्यायालय में विचाराधीन हैं। पुलिस उसके पुराने आपराधिक इतिहास को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। मृतक के पुत्र द्वारा गांव निवासी तीन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रथम दृष्ट्या हत्या का कारण पुरानी रंजिश लगती है। मामले की जांच की जा रही है। हिन्दुस्थान समाचार/विनम्र व्रत त्यागी-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.